हांसी। आढ़तियों से बातचीत करते कृषि मंत्री जेपी दलाल।
हांसी। कृषि मंत्री जेपी दलाल ने रविवार को हांसी की अनाज मंडी का निरीक्षण किया। इस दौरान मंत्री ने सरसों व गेहूं के खरीद कार्यों की जानकारी ली। कृषि मंत्री ने मंडी में मौजूद किसानों व आढ़तियों की समस्याएं सुनी। मंत्री ने कहा कि सरकार किसानों से अनाज का एक-एक दाना खरीद कर उसका रुपया उनके खाते में डालेगी। खराब मौसम से किसानों को हुए नुकसान का मुआवजा मई से वितरित करना आरंभ कर दिया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि किसानों व आढ़तियों को किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी। अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा किसानों को फसल बिक्री में कोई दिक्कत न आए और न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसल खरीद करना सुनिश्चित किया जाए। कृषि मंत्री ने अधिकारियों को मंडी में पानी की व्यवस्था, किसानों को धूप से बचाने के लिए छांव की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। वहीं कृषि मंत्री ने मंडियों में आढ़तियों से बातचीत के दौरान फसल के उठान व लदान के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि खरीद की गई फसल का उठान तुरंत किया जाए। मंडियों में गेहूं लाते समय किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और किसानों को उनकी फसल का समय पर भुगतान किया जाए। यदि किसी अधिकारी की लापरवाही मिली तो उसकी जवाबदेही तय होगी।
इस दौरान पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि इस बार प्रदेश की मंडियों में गेहूं व सरसों की रिकाॅर्ड आवक होने की उम्मीद है। मंडी अधिकारियों को हिदायत दी गई है कि फसल खरीद, उठान कार्य तथा किसानों को भुगतान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इस दौरान अनाज मंडी के प्रधान रामअवतार तायल, मार्केट कमेटी के सचिव रामकुमार लोहान सहित काफी संख्या में लोग मौजूद थे।