हिसार। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा रविवार को गांव तलवंडी राणा में दिए जा रहे धरने को समर्थन देने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैंने जिस रास्ते पर लाला लाजपतराय यूनिवर्सिटी शुरू करने की आधारशिला रखी थी, उसकी जमीन को एयरपोर्ट में शामिल कर दिया। हिसार से बरवाला सड़क मार्ग को बंद कर भाजपा-जजपा की गठबंधन सरकार ने ग्रामीणों के साथ अन्याय किया है। इस सरकार ने हिसार-बरवाला सड़क मार्ग को नहीं बल्कि ग्रामीणों के विकास के मार्ग को बंद करने का काम किया है। मगर जल्द ही प्रदेश में कांग्रेस की सरकार होगी और हम तलवंडी राणा व आसपास के गांवों को एक नहीं बल्कि अनेक सड़क मार्ग देने के साथ-साथ इस क्षेत्र की तरक्की के अनेक रास्ते खोलेंगे।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि रास्ते में आते समय मेरी गाड़ी भी हादसे में क्षतिग्रस्त हो गई। मगर आप लोगों का दुख-दर्द जानने मुझे यहां जरूर पहुंचना था इसलिए आप लोगों के बीच पहुंचा हूं। तलवंडी राणा गांव से मेरा पुराना नाता है। उन्होंने कहा कि सत्ता के नशे में चूर गठबंधन की सरकार शायद यह भूल गई है कि जो जनता किसी को सत्ता पर पहुंचा सकती है वह नीचे भी गिरा सकती है। व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने कहा कि सरकार रास्ता बंद करके व्यापारी, उद्योगपति व गांव वासियों को बर्बाद करने पर तुली हुई है, जिसे किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इससे पहले एडवोकेट ओमप्रकाश कोहली ने उन्हें बंद किए गए रोड के बाद बने हालात का मुआयना करवाया। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश, पूर्व मंत्री संपत सिंह, प्रोफेसर वीरेंद्र सिंह, पूर्व सीपीएस प्रह्लाद सिंह, पूर्व विधायक रामनिवास घोड़ेला, पूर्व विधायक नरेश सेलवाल, पूर्व विधायक कुलवीर बेनीवाल, धर्मवीर गोयत, पूर्व विधायक राम भगत शर्मा, पूर्व विधायक जनरैल सिंह आदि मौजूद रहे।