हरियाणा में सिरसा के सिनेमा मार्केट में चोर बुधवार रात को एक दुकान का ताला तोड़कर लाखों का सामान चुरा ले गए।
दुकान संचालक लखविंदर सिंह ने बताया कि वीरवार सुबह मार्केट से उसके पास फोन आया कि उसकी दुकान के ताले टूटे हुए हैं। वह तुरंत दुकान पर पहुंचा।
उसने देखा कि शटर का सेंटर लॉक और ताले टूटे हुए हैं। उसने बताया कि दुकान से लैपटॉप, बूट-चप्पल, पैंट-शर्ट, कोट, परफ्यूम, बेल्ट और चश्मे चुरा ले गए।
चोरों ने दुकान में कोई भी सामान नहीं छोड़ा। दुकान संचालक के अनुसार चोर करीब चार लाख रुपये का सामान चुरा ले गए।
चोरी की सूचना पाकर शहर थाना प्रभारी भारतेंद्र ढिल्लों, सीआईए डबवाली प्रभारी हवा सिंह फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट के साथ मौका पर पहुंचे।
फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट ने बताया कि पूरी दुकान खाली करने के बावजूद चोरों के फिंगर प्रिंट नहीं उठाए जा सके।
चोरों ने बड़ी चतुराई से वारदात को अंजाम दिया। शहर थाना प्रभारी भारतेंद्र कुमार ढिल्लों ने बताया कि दुकान संचालक लखविंदर सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है।