हिसार में गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी (जीजेयू) के सीएमटी विभाग के द्वितीय वर्ष के विद्यार्थी सचिन कुमार की बुलेट बाइक का चार दिन पहले चालान काटने व जब्त करने का मामला तूल पकड़ने लगा है। पीड़ित छात्र ने सीएसओ (चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर) मोहित पर जान से मारने की धमकी देने, रंगदारी मांगने व ब्लैकमेल करने के आरोप लगाए हैं।
सोमवार को छात्र नेताओं की अगुवाई में विद्यार्थियों ने वीसी व रजिस्ट्रार कार्यालय में सामने सीएसओ व जीजेयू प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने वीसी के नाम पत्र लिखकर न्याय की गुहार लगाई है। विद्यार्थियों का कहना है कि जीजेयू में बाइक व गाड़ी लाने के नाम पर 10-10 हजार रुपये तक की डिमांड की जाती है।
प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों ने चंदा जुटाकर 900 रुपये एकत्रित करके रजिस्ट्रार कार्यालय के बाहर रखे दिए। उधर, सीएसओ मोहित का कहना यूनिवर्सिटी कैंपस में बुलेट से पटाखे बजाने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बाइक का चालान काटा और जब्त किया। जो आरोप मुझ पर लगाए जा रहे हैं वे गलत हैं। सीएसओ ने कहा कि ये हमारे बच्चे हैं इनको समझाया जाएगा।
विद्यार्थी सचिन ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से यूनिवर्सिटी के सीएसओ मोहित द्वारा मुझ पर 10 हजार देने के लिए दबाव बना रहा है। वीसी के नाम लिखे पत्र में सचिन कहा कि सीएसओ ने चेतावनी दी है कि अगर यूनिवर्सिटी में बुलेट बाइक लानी है तो 10 हजार रुपये फीस देनी होगी, नहीं तो बाइक जब्त करवा दूंगा।
विद्यार्थी ने जान का खतरा बताया
सचिन ने बताया कि 10 नवंबर की सुबह करीब 10 बजे वह अपने विभाग के बाहर खड़ा था। सीएसओ ने आते ही बाइक की चाबी छीन ली। सीएसओ उसे बाइक पर बैठाकर खुद बाइक चला जीजेयू कैंपस स्थित पुलिस चौकी ले गया। इसके बाद उसको गाड़ी में बैठाकर पड़ाव पुलिस चौकी ले जाया गया। उसका बाइक कोई और चलाकर पड़ाव चौकी लाया व बाइक का 21 हजार 500 रुपये का चालान कटवा दिया। सभी दस्तावेज होने पर भी बाइक जब्त करवा दी। वीसी को लिखे पत्र में उसने कहा कि उसको यूनिवर्सिटी में जान को खतरा है। ऐसे में वह मानसिक रूप से परेशान हो गया है।
आंदोलन की दी चेतावनी
छात्र नेता अंकित सिसाय ने बताया कि यूनिवर्सिटी इतिहास में आज तक कैंपस में किसी बाइक का चालान नहीं काटा गया। यूनिवर्सिटी के अंदर बाइक पर हेलमेट और कार में सीट बेल्ट का प्रयोग नहीं किया जाता। शाम के समय यूनिवर्सिटी के शॉपिंग कांप्लेक्स के सामने बिना पार्किंग में कई वाहन खड़े होते हैं। सचिन के साथ हुई घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड है। वीसी इसकी जांच करवाएं। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांग पूरी हुई तो जीजेयू में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर अंकित सांगवान, आकाश राव, दीपू, अंकुश, सुखबीर, अंकित सिहाग व लोकेश मौजूद रहे।