हिसार। वीबॉक्स पर परीक्षा देने वाले विद्यार्थी परीक्षा परिणाम में आईं खामियों को ठीक करवाने के लिए रोज गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी (जीजेयू) की रिजल्ट ब्रांच में चक्कर काट रहे हैं। विद्यार्थी यूनिवर्सिटी व वीबॉक्स की गलती निकाल रहे हैं। वहीं जीजेयू प्रशासन विद्यार्थियों की गलती निकाल रहा है। सोमवार को गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी की एग्जाम ब्रांच में यूएमसी कमेटी की बैठक हुई। बैठक में आए विभिन्न कॉलेजों के विद्यार्थियों ने बताया कि उन्होंने वीबॉक्स पर यूजी 5वें सेमेस्टर की परीक्षा दी थी। इस परीक्षा में उनकी यूएमसी बना दी गई।
वहीं, सूत्रों से जानकारी मिली कि वीबॉक्स पर ऑनलाइन परीक्षा देने वाले कई विद्यार्थियों ने विषय के नोट्स व पुस्तक के पृष्ठों की पीडीएफ बना कर पोर्टल पर अपलोड की थी। कई विद्यार्थी ऐसे मिले जिनकी उत्तर पुस्तिका में अलग-अलग लिखाई मिली। कई विद्यार्थियों की उत्तरपुस्तिका एक जैसी मिली। ऐसे में उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के दौरान शिक्षकों ने उन्हें चिह्नित करके जीजेयू को रिपोर्ट दी। जीजेयू ने उत्तर पुस्तिकाओं की जांच करके इन विद्यार्थियों की यूएमसी बनाई।
एक महीने से काट रहे चक्कर
सोमवार को राजकी कॉलेज, एफसी कॉलेज, डीएन कॉलेज, राजकीय महिला महाविद्यालय व एसडी कॉलेज हांसी की छात्राएं जीजेयू रिजल्ट ब्रांच में अपनी रिजल्ट ठीक करवाने पहुंचीं। छात्रा अंकिता ने बताया कि उसने वीबॉक्स पर 5वें सेमेस्टर की परीक्षा दी थी। जिसमें उसके दो पेपर में गैरहाजिर दिखा दिया। वहीं छात्रा रेनू व नेहा ने बताया कि उनको भी नोट कन्सीडर दिखाकर फेल कर दिया है। छात्राओं ने बताया कि वे पिछले एक महीने से रिजल्ट ब्रांच के चक्कर काट रही हैं। रिजल्ट ब्रांच के कर्मचारी उनको पूरा दिन कार्यालय में चक्कर कटवाते रहते हैं। अगर वीबॉक्स का पोर्टल सही से चलता तो विद्यार्थियों को ये दिक्कतें नहीं आती।
वीबॉक्स पर परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों के रिजल्ट की खामियों को दूर किया जा रहा है। वीबॉक्स पर ऑनलाइन परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों से जो कमियां रही हैं उनके कारण रिजल्ट में भी खामियां आई हैं। - प्रो. यशपाल सिंगला, परीक्षा नियंत्रक जीजेयू हिसार