हिसार। जीजेयू के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई
हिसार। गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय (जीजेयू) के दूरस्थ शिक्षा निदेशालय को आगामी शैक्षणिक सत्रों के लिए बैचलर ऑफ आर्ट व बैचलर ऑफ कॉमर्स समेत आठ नए कोर्स के संचालन के लिए विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) से मान्यता मिल गई है। इसके अलावा एमए इंग्लिश कोर्स के लिए पहले ही मान्यता मिल चुकी थी। आगामी शिक्षा सत्र के लिए इन 9 कोर्सों की दाखिला प्रक्रिया शीघ्र ही आरंभ होगी।
कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कहा कि नई शिक्षा नीति के तहत एक नियमित कोर्स के साथ विद्यार्थी दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से दूसरी डिग्री हासिल कर अपने कौशल को बढ़ा सकते हैं। इसीलिए दूरस्थ शिक्षा के नए-नए कोर्स शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है। कुलपति ने नए कोर्स की मान्यता मिलने पर निदेशालय के साथ-साथ विश्वविद्यालय प्रशासन को बधाई दी। दूरस्थ शिक्षा निदेशक प्रो. कुलदीप बंसल ने बताया कि निदेशालय शैक्षणिक सत्र 2023-24 के लिए जल्द ही दाखिला प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है।
इन कोर्सों को मिली मान्यता
नए कोर्स में बैचलर ऑफ आर्ट (मास कम्यूनिकेशन), बैचलर ऑफ आर्ट (बीए), बैचलर ऑफ काॅमर्स (बीकाॅम), मास्टर ऑफ आर्ट (मास कम्यूनिकेशन), मास्टर ऑफ काॅमर्स (एमकाॅम), मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (एमबीए), मास्टर ऑफ साईंस (गणित), मास्टर ऑफ कम्प्यूटर एप्लीकेशन (एमसीए) तथा मास्टर ऑफ आर्ट (अंग्रेजी) शामिल है।