नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन सड़क हादसे में घायल युवती।
हांसी। हिसार रोड पर हवेली होटल के समीप तेज गति से आ रहे बाइक सवार युवकों ने स्कूटी को टक्कर मार दी। स्कूटी सवार ननद व भाभी रोड पर जा गिरी। दोनों को हादसे में गहरी चोटें लगी हैं। घटना की सूचना पुलिस को भी दे दी गई है।
गांव खरड़ निवासी 31 वर्षीय महिला ज्योति ने बताया कि बुधवार सुबह 10 बजे के करीब वह हिसार जा रही थी। उसकी ननद यशु उसे स्कूटी पर टोल-टैक्स के पास छोड़ने जा रही थी। हिसार हवेली के पास पेट्रोल पंप पर स्कूटी में तेल डलवाने के बाद उन्होंने टोल-टैक्स की तरफ स्कूटी को मोड़ा तो उसी समय साइड से आ रही एक बाइक ने उनको टक्कर मार दी। ज्योति ने बताया कि बाइक सवार युवकों ने कंबल भी ओढ़ा हुआ था। देखने में लगा कि उन युवकों ने कोई नशा किया हुआ था। बाइक की स्कूटी से टक्कर होने के बाद वे सड़क पर घिसटते हुई दूर जा गिरी। हादसे में ननद-भाभी दोनों को ही चोटें लगी। हादसे के बाद राहगीरों ने दोनों को हांसी के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। वहां पर डॉक्टर ने उनका प्राथमिक इलाज किया। ज्योति के हाथ व पैरों पर चोट आई है। यशु के हाथ पर गहरी चोट है।