लोकनिर्माण विभाग द्वारा तैयार किया गया गीता चौक, जिसका लोकापर्ण शनिवार को किया जाएगा।
हांसी। हिसार रोड से शहर के अंदर के प्रवेश पर गीता चौक का नजारा लेते हुए होगा। 1.25 करोड़ रुपये की लागत से गीता चौक बनकर तैयार हो गया है। दावा है कि सुंदरता के मामले में यह चौक प्रदेश के सबसे सुंदर चौकों में से एक है।
गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज शनिवार दोपहर 12 बजे गीता चौक का लोकार्पण करेंगे। यहां पर विशाल ग्लोब पर स्टील से बनाई गई श्रीमद्भगवत गीता रखी गई है और यह मथुरा से बनवाई गई है। इस चौक को पहले कैंची चौक के नाम से जाना जाता था, लेकिन अब यह चौक गीता चौक के नाम से जाना जाएगा। पेड़-पौधे और शानदार घास लगाकर इस चौक को रमणीक स्थल के रूप में विकसित किया गया है।
इस चौक को डिजाइन आर्किटेक्ट से तैयार करवाया गया है। इस बारे में गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज से विचार-विमर्श किया गया था। फिर इसके स्वरूप को तैयार किया गया। इसमें भगवान के हाथों पर ग्लोब बनाया गया है। इस ग्लोब पर गीता रखी गई है। दिल्ली कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से पासआउट एक इंजीनियर से इसका ढांचा तैयार करवाया गया है। इसमें हाथों को सुनहरा रंग दिखाने के लिए उस पर पीवीडी कोटिंग की गई है। इससे यह ढांचा 15 वर्ष तक खराब नहीं होगा। ढांचे को स्टील से बनवाया गया है।
पार्क भी बनाया गया
यहां पर बने चौक व पार्क की दीवारें कोटा स्टोन से बनाई गई हैं। स्टील के अक्षरों से यहां पर गीता के दो श्लोक लिखवाए गए हैं। इसके अलावा यहां सुंदर लाइटें लगवाई गई हैं। वहीं यहां पर एक बड़ा साइन बोर्ड बनाया गया है। यहां से गुजरने वाले लोगों को हांसी का नाम दिखाई देगा।
हांसी को सुंदर शहर बनाने का वादा पूरा किया जा रहा है। 40 दिन में यह बनकर तैयार हुआ श्री गीता चौक हांसी शहर को एक नई पहचान देने का काम करेगा। उद्घाटन समारोह में आने वाले हर व्यक्ति के लिए देसी घी के व्यंजन तैयार करवाए गए हैं।
- विनोद भयाना, विधायक