सिवानी मंडी। सिवानी में 2 कैमिकल्स कपनियों के साथ सवा दो करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। ठगी करने वाले चारों आरोपी बीकानेर के रहने वाले हैं और एक ही परिवार से संबंध रखते हैं। इस मामले में सिवानी पुलिस को शिकायत किए जाने के बाद पुलिस ने संबंधित आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सिवानी पुलिस को दी अपनी शिकायत में सिवानी स्थित गुवारन कैमिकल्स प्रा.लि. के डायरेक्टर जितेंद्र कुमार व गैलेक्टो केमिकल्स प्रा.लि.के डायरेक्टर संजय जिंदल ने पुलिस को बताया कि नितिन मित्तल व गोपाल मित्तल सगे भाई हैं और करनी नगर लालगढ़ बीकानेर के निवासी हैं।श्याम इन्टरप्राइजेज का प्रोपराइटर नितिन मित्तल है। उक्त लोगों के साथ उनका व्यापार चलता था। उन्होंने बताया कि नितिन मित्तल ने उन्हें बताया कि उनकी 2 फर्मे हैं जिनमें बांके बिहारी ट्रेडिंग कंपनी भी है जिसे उनके भाई के अलावा उनका माता पुष्पा देवी व पत्नी सुकन्या काम करते हैं। उन्होंने बताया कि उसके साथ ग्वार गम का उनका एक सौदा तय हुआ जिसके तहत उन्होंने 15 जुलाई को 74 लाख 74 हजार 224 रुपये उनके खाते में डलवा दिए। इसके अलावा जितेंद्र कुमार के अकाउंट से 1 करोड़ 49 लाख 98 हजार 326 रुपये डाले गए। रुपये लेने के बाद आरोपियों ने ग्वार गम नहीं भेजा। बाद में पता चला कि नितिन मित्तल का भाई गोपाल मित्तल काफी लोगों के रुपये लेकर विदेश भाग गया।थाना प्रभारी कुलदीप कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। संवाद