सिरसा। कागजों में फर्जी व्यापार दिखाकर सरकार को लाखों रुपये का चूना लगाने वाले फर्म संचालक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने राजस्व को चार लाख 96 हजार रुपये का चूना लगाया है। आरोपी ने 2010 में डबवाली की अनाज मंडी से जगदंबे ट्रेडिंग कंपनी के नाम से फर्म रजिस्ट्रेशन करवाई। इसके बाद कागजों में राजस्थान से बीड़ी सिगरेट का कागजों में फर्जी व्यापार दिखा दिया।
एसआईटी टीम के इंस्पेक्टर सुधीर कुमार ने बताया कि आरोपी की पहचान प्रवीण कुमार पुत्र गजानंद निवासी आर्य नगर अबोहर पंजाब के रूप में हुई है। प्रवीण कुमार ने वर्ष 2010 में मंडी डबवाली की अनाज मंडी में जगदंबे ट्रेडिंग कंपनी के नाम से फर्म रजिस्ट्रेशन करवाई थी। इसके बाद आरोपी ने राजस्थान में बीड़ी सिगरेट के झूठे सी फार्म व फर्जी व्यापार कागजों में दिखाया। इंस्पेक्टर सुधीर कुमार ने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी प्रवीण ने किसी के साथ कोई व्यापार नहीं किया था और न ही किसी बाहर की फर्म से बीड़ी सिगरेट खरीदी थी। उसने केवल कागजों में ही काम दर्शाकर फर्जी व जालसाजी तरीके से सरकारी राजस्व को करीब चार लाख 96 हजार 433 रुपये का नुकसान पहुंचाया। इंस्पेक्टर सुधीर कुमार ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया जाएगा। इसके बाद आरोपी से पूछताछ कर उसकी निशानदेही पर ठगी व धोखाधड़ी से प्राप्त की गई राशि बरामद की जाएगी।