हिसार। कनाडा में नौकरी दिलवाने के नाम पर पांच बेरोजगार युवकों से 29.18 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। इस संबंध में अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने मोहित के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई शिकायत में भारत नगर निवासी यादवेंद्र फौगाट ने बताया कि वह गाड़ी चलाता है।
30 जुलाई को टैक्सी स्टैंड पर गगन नामक व्यक्ति मेरे पास आया। उसने कहा कि डाबड़ा चौक के पास होटल में एक अधिकारी ठहरा हुआ है उसे लोकल के लिए टैक्सी की आवश्यकता है। उसके बाद वहां पर टैक्सी लेकर गया। वे मुझे शहर में घुमाते रहे। रात 9 बजे उन्हें होटल में छोड़ आया।
इस दौरान उन्होंने बताया कि कनाडा की एक कंपनी में फूड पैकिंग के लिए लड़कों की आवश्यकता है। उनके पास पासपोर्ट होना चाहिए। इस बारे में अपने बेरोजगार दोस्तों व परिचितों को बताया। सुपेन्द्र निवासी गांव डोभी, सचिन गांव नाथूसरी चौपटा(सिरसा), कुलदीप निवासी कैमरी रोड, राकेश निवासी गांव भाटोल जाटान और सोमबीर निवासी गांव भाटोल जाटान नौकरी के लिए तैयार हो गए।
इस दौरान उक्त अधिकारी मोहित ने पांचों लड़कों को चार अगस्त को चंडीगढ़ के होटल में बुलाया। इसके बाद सात अगस्त को मुंबई बुलाया। पांचों लड़के आरोपियों के कहने पर मुंबई में तीन दिन रुके। मोहित कहता रहा कि दूतावास से तारीख मिलने पर आपका वीजा लग जाएगा। आरोपी ने कहा कि जब तक वीजा नहीं लग जाता, फोन हमारे पास रहेंगे। उसने हमसे मोबाइल लेकर कहा कि 16 अगस्त को ताज होटल में मिलना। सुपेन्द्र ने 13 अगस्त को अपने डेबिट कार्ड से पैसे निकलवाने चाहे। तब पता चला कि डेबिड कार्ड ब्लॉक है। आरोपी के मोबाइल नंबर पर बात करनी चाही तो स्विच ऑफ मिला। छानबीन करने पर पता चला कि ठग ने सुपेन्द्र के खाते से 12 लाख 66 हजार रुपये, सचिन के खाते से 3 लाख रुपये, कुलदीप के खाते से 4 लाख 50 हजार रुपये, राकेश के खाते से 7 लाख 72 हजार रुपये और सोमबीर के खाते से 1 लाख 30 हजार रुपये निकाल लिए। अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज किया है।