हिसार की पूर्व निगम पार्षद का बेटा है ठेकेदार
हांसी। ठेकेदार मुकेश बंसल की चारों कंपनियों को शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने ब्लैक लिस्ट में डाल दिया है। इन कंपनियों को अगर कोई टेंडर देगा तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। चारों फर्मों को ब्लैक लिस्ट में डालने के लिए स्थानीय निकाय ने वीरवार को आदेश जारी किए। यह आदेश प्रदेश के सभी निगम, परिषद व पालिकाओं के अधिकारियों को जारी किए गए हैं।
ठेकेदार मुकेश बंसल हिसार के पूर्व निगम पार्षद कमला बंसल का पुत्र है। पिछले दिनों श्री काली देवी मंदिर रोड निर्माण में हुई धांधली में व रोड के सैंपल फेल आने के बाद स्थानीय निकाय विभाग ने हाईकोर्ट में हल्फनामा दायर कर ठेकेदार पर एक करोड़ 70 लाख 38 हजार रुपये की रिकवरी की बात कबूल की थी। स्थानीय निकाय विभाग ने हाईकोर्ट में हल्फनामा दायर कहा गया था कि मामला उनके संज्ञान में है और उन्होंने ठेकेदार द्वारा सड़क निर्माण में निर्धारित मापदंड से कम सामग्री प्रयोग कर टेंडर के नियमों की अवहेलना की थी।
विभाग की ओर से जारी आदेश में मैसर्स मुकेश कुमार कांट्रेक्टर, दी स्वच्छ हरियाणा को ऑपरेटिव, दी रोहणी को ऑपरेटिव सोसायटी और संदीप बंसल कांट्रेक्टर को कोई टेंडर न देने के लिए कहा गया है। यह चारों फर्में शहर में बीते वर्षों में बहुत चर्चा में रही हैं। बीते चार वर्ष में ठेकेदार मुकेश बंसल की चारों फर्मों ने शहर में करीब 50 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के टेंडर लिए थे। पूर्व चेयरमैन निर्मला सैनी के कार्यकाल में जितने विकास कार्य हुए, उनमें से अधिकांश टेंडर इसी फर्म के पास हैं। चर्चित काली देवी रोड घोटाले में भी इसी ठेकेदार की कंपनी कार्यरत थी। अब ठेकेदार की चारों कंपनियों को शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने ब्लैक लिस्ट में डाल दिया है। पूरे हरियाणा में अब इनकी चारों कंपनियों को कोई टेंडर नहीं दिया जाएगा।