बालसमंद। गांव बालसमंद स्थित चौधरी भजनलाल राजकीय महाविद्यालय की बिल्डिंग बनने की उम्मीद अब जल्द पूरी होगी। वीरवार को सूबे के मुख्यमंत्री मनोहर लाल पंचकूला से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से भवन की नींव रखेंगे। विधायक भव्य बिश्नोई, एसडीएम जयवीर यादव सहित जिला प्रशासन के अधिकारी कॉलेज में मौजूद रहेंगे। कॉलेज में बड़ी स्क्रीन लगाकर कार्यक्रम का लाइव टेलीकास्ट किया जाएगा।
गौरतलब है कि पांच जुलाई 2018 से बालसमंद कॉलेज में प्राइमरी स्कूल में कॉलेज कक्षाएं शुरू की गईं थी। ग्रामीण लगातार सरकार से कॉलेज बिल्डिंग की मांग करते आ रहे थे। कॉलेज में शुरुआती समय में बीए और बीकॉम के कोर्स शुरू किए गए थे। बीकॉम में विद्यार्थियों की संख्या कम होने के कारण बीकॉम कोर्स बंद हो चुका है। चार वर्ष से अधिक समय बाद जमीन कोर्ट केस पंचायत ने जीता था। इसके बाद पंचायत की जमीन ट्रांसफर की गई और अब बिल्डिंग बनने का प्रोसेस आचार संहिता से पहले शुरू हो जाएगा। कॉलेज बिल्डिंग का नक्शा पास हो चुका है। 7 एकड़ 6 कनाल 13 मरले जमीन पर तीन मंजिला बहुमंजिला इमारत बनेगी। करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से इस बिल्डिंग का निर्माण किया जाएगा। स्कूल में कमरों की संख्या कम होने के कारण लैब, लाइब्रेरी, खेल ग्राउंड सहित काफी अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अब कॉलेज बिल्डिंग बनने से सभी सुविधाएं मिलने से समस्याएं खत्म हो जाएगी।
बीकॉम, बीएससी और एनसीसी शुरु करवाने की रखेंगे मांग
ग्राम पंचायत बालसमंद सरपंच मंजू, पूर्व सरपंच महेंद्र सिंह, अंजनी, विजेंद्र सहित अन्य प्रतिनिधियों ने बताया कि बीकॉम कोर्स बंद हो चुका है। अब कॉलेज बिल्डिंग बनने के साथ-साथ ग्रामीणों संग मिलकर सरकार से पुरजोर मांग करेंगे कि कॉलेज में बीकॉम, बीएससी शुरू की जाए और बीए के अन्य सब्जेक्ट भी शुरू हो। वहीं एनसीसी भी शुरू की जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों की सभी सुविधाएं मिल सके।
कॉलेज की बिल्डिंग बनने के लिए वीरवार को सीएम मनोहर लाल लाइव शिलान्यास करेंगे और विधायक भव्य बिश्नोई जिला प्रशासन के अधिकारी शिलान्यास करेंगे। 7 एकड़ 6 कनाल 13 मरले भूमि पर बहुमंजिला इमारत बनेगी।
- प्रवीण गोदारा, प्राचार्य, बालसमंद कॉलेज
क्षेत्रवासी लंबे समय से कॉलेज बिल्डिंग की मांग करते आ रहे थे। विद्यार्थियों की संख्या बढ़ने के साथ कॉलेज बिल्डिंग की आवश्यकता थी। कॉलेज बिल्डिंग बनने से हरियाणा के साथ लगते राजस्थान के भी कई गांवों के विद्यार्थियों को फायदा मिलेगा।
- मंजू देवी, सरपंच बालसमंद