मंडी आदमपुर। आदमपुर में प्रधानमंत्री जन औषधि मेडिकल हाल संचालक एवं होटल व्यवसायी से रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर एक आरोपी को नामजद करते हुए उसके खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में श्याम विहार निवासी उग्रसेन ऐंचरा ने बताया कि उसका मंडी आदमपुर में मेडिकल हाल व होटल का व्यवसाय है। आठ सितंबर को रात्रि साढ़े 10 बजे वह घर पर था इस दौरान उसके मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल आई और कहा कि हिसार जेल से काला खैरमपुरिया बोल रहा है। उसके पास 24 घंटे का समय है उनके साथ डील कर लो वरना 24 घंटे में उसे गोली मरवा देगा। उसने तीन दिन से उसके पीछे आदमी लगा रखा है। उसकी प्रॉपर्टी कहा है उसे इस बारे में सब पता है। पीड़ित ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।
13 सितंबर रात करीब आठ बजे वह अपने मेडिकल स्टोर पर बैठा था इस दौरान उसके मोबाइल पर कॉल आई। व्यक्ति ने कहा कि वह बगला निवासी असलम उर्फ हिमांशु बोल रहा है। वह एक-डेढ़ साल पहले उसकी दुकान के ऊपर बने मकान में किराए पर रहकर गया था। उक्त व्यक्ति ने बताया कि उसने ही आठ सितंबर को काला खैरमपुरिया के नाम से उसके पास कॉल की थी, उससे गलती हो गई, माफ कर दो। शिकायतकर्ता ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने उग्रसेन की शिकायत के आधार पर असलम उर्फ हिमांशु को नामजद करते हुए उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया।