हिसार। छाजूराम मेमोरियल जाट कॉलेज में हुई चार दिवसीय राज्यस्तरीय इंटर कॉलेज फुटबाल चैंपियनशिप का वीरवार को समापन हुआ। प्रतियोगिता के पुरुष व महिला वर्गों में मेजबान जाट कॉलेज चैंपियन बना है। विजेता टीमों को पदक व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के समापन पर कॉलेज प्रबंधन समिति के पूर्व प्रधान सतपाल पालू व पूर्व उप प्रधान अजमेर ढांडा विशिष्ट अतिथि के तौर पर पहुंचे।
प्रतियोगिता के आयोजन सचिव डॉ. महेश ख्यालिया ने बताया कि पुरुष वर्ग में फाइनल मुकाबला जाट कॉलेज हिसार और गांधी मेमोरियल नेशनल कॉलेज अंबाला के बीच खेला गया। इस मुकाबले को जाट कॉलेज ने एकतरफा 3-0 से जीत लिया। बहादुरगढ़ की टीम तीसरे स्थान पर रही। महिला वर्ग में जाट कॉलेज हिसार की टीम 4 अंक व गोल अंतराल के आधार पर प्रथम स्थान पर रही। इसके अलावा महिला महाविद्यालय झोझूकलां की टीम दूसरे स्थान, टीकाराम गर्ल्स कॉलेज सोनीपत की टीम 2 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रही। इस अवसर पर डॉ. कपेंद्र सिंह, डॉ. परविंद्र दलाल, डॉ. राकेश, हर्ष लेखा, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. सुमन रानी, डॉ. कर्म सिंह देसवाल, डॉ. सरोज मलिक आदि मौजूद रही।
महिला वर्ग में आनी थी 12 टीमें, पहुंची पांच
चार दिवसीय प्रतियोगिता में महिला वर्ग में 12 टीमें आनी थी। मगर पांच टीमें ही पहुंच पाईं। इनमें सोनीपत, जाट कॉलेज हिसार, एफसी कॉलेज हिसार, झोझूकलां और सिरसा की टीमें शामिल हैं। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले महाविद्यालयों की इंटर कॉलेज चैंपियनशिप चल रही है। इस कारण काफी टीमें इस प्रतियोगिता में नहीं आ पाई।