हिसार। जिला निर्वाचन अधिकारी प्रदीप दहिया व राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में सोमवार को वीसी रूम में हरियाणा विधानसभा आम चुनाव 2024 के लिए ईवीएम की प्रथम रैंडमाइजेशन की गई। रैंडमाइजेशन में बीयू, सीयू और वीवीपैट का चयन किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी प्रदीप दहिया ने बताया कि हरियाणा विधानसभा आम चुनाव 2024 के लिए जिला में 1333 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जिले में ईवीएम की फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) पूरी हो चुकी है। एफएलसी में यह तय किया जाता है कि कौन-कौन सी ईवीएम पूरी तरह से ठीक हैं। चुनावों के लिए प्रयुक्त मशीनों के चयन में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए रैंडमाइजेशन प्रक्रिया को कम्प्यूटरीकृत किया गया है।
उन्होंने बताया कि चुनाव के लिए बीयू और सीयू की संख्या मतदान केंद्रों की संख्या का 120 प्रतिशत तय किया गया और वीवीपैट की संख्या, मतदान केंद्रों की संख्या का 130 प्रतिशत तय किया गया। रैंडमाइजेशन में चयनित मशीनों को रैंडमाइजेशन से विधानसभा अनुसार बांटा दिया गया है। जब भी ईवीएम को लेकर इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, उससे पहले सभी राजनीतिक दलों को सूचना देकर मौके पर बुलाया जाएगा। इस मौके विधानसभा क्षेत्र नलवा की रिटर्निंग अधिकारी अतिरिक्त उपायुक्त सी जयाश्रद्घा, हिसार के रिटर्निंग अधिकारी जगदीप सिंह, बरवाला के रिटर्निंग अधिकारी वेद प्रकाश बेनीवाल, हांसी के रिटर्निंग अधिकारी कुलभूषण बंसल, नारनौंद के रिटर्निंग अधिकारी मोहित महराणा, नगराधीश हरी राम, उकलाना के रिटर्निंग अधिकारी मनबीर सिंह, आदमपुर के रिटर्निंग अधिकारी नरेंद्र सिंह, चुनाव तहसीलदार जगदीप मान, भाजपा से वीरेंद्र, कांग्रेस से अनिल बिश्नोई, इनेलो से रमेश चुघ, बसपा से नानक देव, आम आदमी पार्टी से सुमित, सीपीआईएम से दिनेश सिवाच उपस्थित रहे।