बरवाला मुख्यमार्ग पर पुराना बस अड्डा खेत्र में सडक़ के बीच में पड़ी पाईपों में लगी आग।
बरवाला । शहर के पुराने बस अड्डा के सामने डिवाइडर के बीच पड़े जनस्वास्थ्य विभाग के प्लास्टिक के पाइपों में सोमवार दोपहर आग लग गई। आग से उठे धुएं के गुबार से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। सूचना मिलने पर दमकल विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया।
दुकानदार संजीव गुप्ता, जतिन, अमित, रमेश, संजय, राजेंद्र, सोनू, संदीप का कहना है कि करीब चार माह पहले जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा यहां पाइप डाले गए थे। अधिकारियों की लापरवाही से आज यह हादसा हुआ है। अगर समय रहते प्लास्टिक के पाइप को यहां से उठा लेते तो शायदा हादसा न होता। जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा कुछ प्लास्टिक की पाइप दूषित पानी की निकासी करवाने को लेकर वार्ड-19 में बने जोहड़ तक ले जाने के लिए मंगवाए थे। किन्ही कारणों के चलते इन पाइपों का इस्तेमाल नहीं हो पाया तो विभाग ने इन्हें यहां डाल दिया था। इस संबंध में जब जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से बात करनी चाही तो उन्होंने फोन तक नहीं उठाया।
वहीं, एसडीएम विजया मलिक का कहना है कि इस मामले की जांच करवाई जाएगी। यह पाइप कब से यहां पड़े हैं और क्यों नही उठाए। इस बारे में जानकारी जुटाई जाएगी। दोषी कर्मचारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।