हांसी। सदर बाजार में वीरवार को दो व्यापारियों के बीच में विवाद हाथापाई तक पहुंच गया। दोनों ही व्यापारी घायल हो गए, जिन्हें नागरिक अस्पताल लाया गया। पुलिस का कहना है कि बयान दर्ज होने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। मारपीट में तेल व्यापारी संघ के प्रधान प्रदीप डाली के पिता नरेश गर्ग घायल हुए हैं। उन्होंने बताया खादी आश्रम के पास नाली पर लोहे की जाली की जगह पत्थर की जाली लगवाई थी। जब वह दुकान जा रहे थे, तब नरेश गोयल ने गाली-गलौज करते हुए उन पर हमला किया। वहीं, दूसरे पक्ष के नरेश गोयल ने आरोप लगाया कि करीब 15 लोगों ने उनके पिता पर चाकू और धारदार हथियारों से हमला किया। सिटी थाना प्रभारी सदानंद वत्स ने बताया कि फिलहाल बयान दर्ज नहीं हुए हैं। बयान दर्ज होने के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।