शहर में पिछले एक महीने से ठेकेदार ने स्ट्रीट लाइटों का रखरखाव बंद कर रखा है। इसके कारण शाम होते ही शहर से गुजर रहे हाईवे से लेकर गलियों तक में अंधेरा छा जाता है। रोड पर अंधेरा होने के कारण कई बार हादसे भी हो चुके हैं। स्ट्रीट लाइटों की समस्या को लेकर लोग कई बार परिषद के अधिकारियों से शिकायत भी कर चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया। अगले सप्ताह से नवरात्र भी शुरू हो रहे हैं। ऐसे में बिना लाइटों के शहर अंधेरे में नजर आएगा।
इधर ठेकेदार और परिषद के बीच का विवाद सुलझ नहीं रहा। परिषद ने ठेकेदार को उसके छह महीने के कार्य का भुगतान नहीं किया। परिषद का कहना है कि कई पार्षद ठेकेदार के काम से असंतुष्ट थे। इसलिए भुगतान रोका गया है, लेकिन इस सबके बीच शहरवासियों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। क्योंकि शाम होते ही आधे से ज्यादा शहर में अंधेरा पसर जाता है। स्ट्रीट लाइटें चालू न होने से आमजन को परेशानी हो रही है। वहीं लोग अंधेरा होने के चलते जहां चोरी और लूट व एक्सीडेंट जैसी घटनाओं की आशंका भी रहती है। मुख्य रोड पर स्ट्रीट लाइट बंद है वहां शाम व सुबह के समय सैर के लिए निकलने वाले लोगों को भी परेशानी हो रही है, लेकिन परिषद द्वारा स्ट्रीट लाइटों को ठीक करवाने के लिए अपने स्तर पर कोई प्रयास भी नहीं कर रहा। बीते दिनों हाईवे पर अंधेरा होने के चलते एक बाइक चालक बेसहारा पशु से टकरा कर घायल हो गया था। ऐसे ही कई हादसे हो चुके हैं।
इतनी स्ट्रीट लाइटें हैं शहर में
शहर में करीब 11 हजार स्ट्रीट लाइटें हैं। करीब 2.66 लाख रुपये प्रति माह की दर से मार्च महीने में स्ट्रीट लाइटों के रखरखाव का काम दिया था।
चोरी हो रही हैं स्ट्रीट लाइटें
चेयरमैन प्रवीन ऐलावादी ने अधिकारियों को पत्र लिखकर कहा है कि उन्होंने बीते दिनों स्ट्रीट लाइटों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई वार्डों व सड़कों से स्ट्रीट लाइटें गायब मिली। पार्षदों ने भी उन्हें इस बारे में शिकायत की है। उन्होंने अधिकारियों को कार्रवाई करने के लिए कहा है।
कई जगहों से स्ट्रीट लाइटें चोरी होने के सूचना मिली थी। इसके लिए अधिकारियों को कार्रवाई करने के लिए कहा है।
- प्रवीन ऐलावादी, चेयरमैन, नगर परिषद
स्ट्रीट लाइटों को लेकर जल्दी ही समाधान निकालेंगे। शहरवासियों को परेशान नहीं होने देंगे।
- जयवीर डूडी, एक्सईएन, नगर परिषद