हिसार। कैमरी रोड स्थित हनुमान मूर्ति के पास रहने वाले 30 वर्षीय राममेहर ने फाइनेंसर से तंग आकर जहर निगल लिया। हालत बिगड़ने पर उसे निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जहां उसकी हालत में खतरे से बाहर बताई गई है। अस्पताल में भर्ती राममेहर ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह मूल रूप से कैथल के गांव कोटला का रहने वाला है। फिलहाल हिसार में किराये के मकान में अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ रह रहा है। उसने दो साल पहले सेक्टर-15 के हाउसिंग बोर्ड कालोनी निवासी फाइनेंसर निशांत से ढ़ाई लाख रुपये 10 रुपये सैकड़ा ब्याज पर लिए थे। उसने तय समय में सारे पैसे चुका दिए। आरोपित निशांत ने उसे कहा कि अभी उसके रुपये चुकता नहीं हुए हैं। राममेहर का आरोप है कि आरोपित ने करीब छह महीने पहले भी उसे घर से अगवा कर लिया था। उस दौरान पुलिस को शिकायत दी थी, जिसके बाद मामले में राजीनामा हो गया था। वीरवार को जब वह प्रणामी अस्पताल के पास गया तो वहां आरोपी सामने से अपने साथियों के साथ गाड़ी में आया। उसने धमकी दी कि वह उसे शहर में रहने नहीं देगा। राममेहर ने कहा कि उसने दबाव में आकर वीरवार को जहर निगल लिया। राममेहर ने बताया कि आरोपी ने उसकी पत्नी को भी मैसेज कर धमकी दी है। पुलिस ने शिकायत पर जांच शुरू कर दी है।