हिसार। खुद को एसआई और एसपी का सिक्योरिटी एजेंट बताकर कर एक होटल में चैकिंग कर रहे व्यक्ति को मंगलवार को पुलिस ने धरदबोचा। आरोपी की जेब से जगबीर नाम के एसआई का आईकार्ड भी बरामद हुआ है। आरोपी भिवानी जिले के गांव तालू का निवासी है। सिटी थाना पुलिस के जांच अधिकारी मोहम्मद रफीक ने बताया कि एक व्यक्ति ने पारिजात चौक स्थित होटल में पहुंचकर खुद को एसपी का सिक्योरिटी एजेंट बताते हुए जांच शुरू कर दी। पहले होटल का रजिस्टर चैक किया। इसके बाद अलग -अलग कमरों की जांच करने लगा। होटल मालिक दीपक को कुछ शक हुआ तो डायल 112 पर कॉल किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उससे पूछताछ की तो बताया कि वह सिरसा में सदर थाने में तैनात है। सिरसा थाने से सत्यापन किया गया तो पता चला वहां इस नाम का कोई पुलिसकर्मी नहीं है। पुलिस टीम ने सख्ती की तो कहा कि वह पुलिस में नहीं है। ऐसे ही आ गया था। इस पर उसे हिरासत में ले लिया। तलाशी ली गई तो उसके पास जगबीर नाम के एसआई का पहचान पत्र मिला जिसकी जांच की जा रही है कि वह नकली या है असली है। आरोपी इससे पहले 11 सितंबर को भी एक होटल में जांच के लिए पहुंचा था।