हिसार। अमर उजाला हिसार संस्करण के चौथे स्थापना दिवस पर वीरवार सुबह अर्बन एस्टेट टू स्थित कार्यालय से पर्यावरण संरक्षण के लिए साइकिल रैली निकाली गई। मां तुझे प्रणाम कार्यक्रम के तहत सुबह 6 बजे से साइक्लोथॉन आयोजित की गई। इस दौरान तेज बारिश में भी साइकिलिस्ट का जोश कम नहीं हुआ। जोरदार बारिश के बीच साइकिल रैली महाबीर स्टेडियम में संपन्न हुई। इससे पहले रैली को डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा, मेयर गौतम सरदाना, शर्माजी प्रॉपर्टी के संचालक मनोज शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
साइकिल रैली में हिसार रोडिज क्लब के अध्यक्ष डॉ. अरुण अग्रवाल, वैभव डुडेजा, इंटरनेशनल साइकिलिस्ट डॉ. निशांत मेहता, गुरप्रिंदर सिंह, दिनेश यादव, सुखसागर सिंह, गुरदीप, मॉडर्न ऑटो मोबाइल के सीईओ आरके चहल, वैभव सपड़ा, दिव्यम पालीवाल, मनोज गुप्ता, गौरव पंडित, नीरज, आर्यन आदि शामिल हुए।
समाचारों के साथ अमर उजाला अपने सामाजिक दायित्वों को निभाने का काम कर रहा है। यह एक अच्छी पहल है। लोगों का अखबार के प्रति अटूट विश्वास है। हर व्यक्ति को सिंगल यूज प्लास्टिक को त्यागने का संकल्प लेना चाहिए। - रणबीर गंगवा, डिप्टी स्पीकर
शहर को एकल उपयोग प्लास्टिक मुक्त करने में हर व्यक्ति अपना सहयोग करे। अमर उजाला ने यह मुहिम शुरू की है। साइकिल पर्यावरण संरक्षण का संदेश है। किसी दूसरे से प्लास्टिक छोड़ने की उम्मीद के बजाय खुद इसका त्याग करें। घर से थैला लेकर जाएंगे तो यह आपके शहर की शान होगी। - गौतम सरदाना, मेयर
प्लास्टिक के बाद हमें सिंगल यूज प्लास्टिक को भी पूरी तरह से छोड़ना होगा। इसके लिए सभी का सहयोग जरूरी है। अगर हर व्यक्ति थैला ले जाने की आदत डाले तो यह बहुत आसान हो जाएगा। यह साइकिल रैली इस मुहिम की आगे बढ़ाने में एक प्रभावी कदम होगी। - मनोज शर्मा, संचालक , शर्माजी प्रॉपर्टी वाले