हिसार। दोस्ती के नाम पर 12.75 लाख रुपये लोन लेकर नहीं लौटाने पर उपभोक्ता फोरम ने चार माह की कैद और भरपाई की सजा सुनाई है।
मामले के अनुसार उकलाना मंडी के बुढ़ाखेड़ा निवासी जोगिंद्र सिंह ने अपने दोस्त हिसार के सेक्टर-13 निवासी लालचंद गोदारा को पांच साल पहले 12 लाख 75 हजार रुपये लोन पर दिए थे। लालचंद ने रुपये नहीं लौटाए तो उसने जिला उपभोक्ता फोरम में शिकायत दी। शिकायत में बताया कि लालचंद ने उससे 12 लाख 75 हजार रुपये लोन लिया था। उसे 22 अगस्त 2019 को 12 लाख 75 हजार रुपये का चेक दिया, जो बाउंस हो गया। उसके बाद लालचंद के खिलाफ तीन सितंबर 2019 को लीगल नोटिस जारी किया गया। मामले में मंगलवार को उपभोक्ता फोरम ने फैसला सुनाया। फोरम ने लालचंद को चार महीने की कैद और 12 लाख 75 हजार रुपये के भुगतान की सजा सुनाई है।