हांसी। खानक के बार-बार बंद होने व शुरू होने के कारण शहर में 76 रोड व गलियों के निर्माण कार्य रुके हैं। इसमें उमरा रोड पर फोरलेन के साथ-साथ शहर के मुख्य रोड के साथ-साथ कई गली भी शामिल हैं। विभागों का कहना है कि खानक के शुरू होने पर ही इन कामों को शुरू किया जाएगा।
खानक के बंद होने के कारण शहर के विकास कार्यों पर भी असर पड़ रहा है। शहर में कई निर्माण कार्य बंद पड़े हैं। इसमें 74 काम नगर परिषद के हैं। दो काम लोकनिर्माण विभाग के हैं। इसकी वजह से आमजन भी परेशान हो रहे हैं। इसमें शहर के मुख्य रोड के साथ-साथ विभिन्न वार्डों की गलियां भी शामिल हैं। विभागों द्वारा इन कामों के लिए टेंडर भी अलॉट कर दिए गए हैं। कई जगहों पर ठेकेदारों द्वारा रोड व गली को उखाड़ कर छोड़ दिया है। खानक शुरू न होने से यह काम बीच में लटक गए हैं। वहीं रोड उखाड़ने से आमजन परेशान हो रहा है वहीं वाहन चालकों को खासा परेशानी का सामना करना पड़ता है।
गैस एजेंसी रोड का काम रुका
पांच महीने पहले इस रोड के निर्माण कार्य को शुरू किया गया था। 2 करोड़ 29 लाख रुपये की लागत से इसका निर्माण होना है। सड़क की लंबाई 362 मीटर है व चौड़ाई 17 मीटर है। रोड को सीसी का बनाया जाएगा। कई महीने तक काम रुका रहा। यहां पर अभी लेवलिंग का काम किया जा रहा है। परिषद का कहना है कि पहले इस रोड का निर्माण कार्य शुरू करवाएंगे
हिसार चुंगी से आरओबी तक फोरलेन का काम रुका
हिसार चुंगी से उमरा रोड पर रेलवे ओवरब्रिज तक सड़क के निर्माण का काम रुका है। इस रोड को फोरलेन किया जाना है। लोकनिर्माण विभाग द्वारा यहां पर पत्थर की लेयर बिछा दी गई है। तारकोल की लेयर बिछाई जानी है। इसके लिए मेटिरियल का इंतजार है, लेकिन खानक बंद होने से काम रुका है। इसका काम दिसंबर महीने में शुरू किया गया था। एक करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से यह रोड बनना है।
चौपटा से दिल्ली गेट, दिल्ली गेट से विश्वकर्मा चौक
चौपटा से विश्वकर्मा चौक तक सड़क का निर्माण कार्य रुका है। यहां पर बीते वर्ष जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा सीवरेज व पेयजल लाइन बिछाई गई थी। इस कारण सड़क का एक हिस्सा उखड़ा हुआ है। जिससे यहां वाहन चालकों को परेशानी होती है। बीते दिनों परिषद की हाउस मीटिंग में उपप्रधान अनिल बंसल ने कहा था कि खानक बंद होने के कारण काम रुका हुआ है। इसी रोड पर ही पूर्व मंत्री सुभाष गोयल के आवास की गली है। करीब 1 करोड़ 70 लाख रुपये की लागत से इसका निर्माण होना है।
बीपीएचयू यूनिट का काम भी बंद
नागरिक अस्पताल में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है। लोक निर्माण विभाग द्वारा इसके लिए टेंडर अलॉट कर दिया गया है। करीब 36 लाख रुपये की लागत से इस यूनिट का निर्माण कार्य होना है, लेकिन खानक बंद होने के कारण काम शुरू नहीं हो पा रहा है।
खानक की वजह से काम रुके हुए हैं। अभी तक वहां से अच्छी क्वालिटी का माल नहीं मिल रहा था। इसके चलते काम रोका गया था। ताकि रोड के निर्माण में कोई शिकायत न आए। अब पता चला है कि खानक चालू है। जैसे ही कुछ दिनों में अच्छा मेटिरियल मिलेगा काम शुरु करवा दिया जाएगा।
- प्रवीन ऐलावादी, चेयरमैन, नगर परिषद