गांव खैरी में एक व्यक्ति ने पत्नी की हत्या कर खुद भी फंदा लगा लिया। मामले में उकलाना थाना पुलिस ने गांव खैरी निवासी शमशेर की शिकायत पर उसके पिता रोशनलाल के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। शिकायत में शमशेर ने पुलिस को बताया कि वीरवार रात वह अपने बच्चो के साथ कमरे में और भाई सुखविंद्र आंगन में सो रहा था और उसकी माता केशव देवी व पिता रोशन लाल बाहर सो रहे थे। शुक्रवार सुबह देखा तो रोशनलाल बैठक के दरवाजे में फंदे से लटके हुए थे व माता केशव देवी का शव लहूलुहान अवस्था में वहां पड़ा था। केशव देवी के चेहरे पर तेजधार हथियार से चोट के निशान थे। शमशेर ने पुलिस को बताया कि उसकी माता व पिता में आपस में अनबन रहती थी। उसने शक जताया कि उसके पिता रोशन लाल ने ही उसकी माता केशव देवी की हत्या कर खुद भी फंदा लगा लिया।