हिसार। हिसार निवासी और मेघालय के सेवानिवृत्त पुलिस महानिदेशक डॉ. एलआर बिश्नोई को सर्वोच्च न्यायालय ने छात्र आंदोलन के दौरान हुई हिंसा और पुलिस कार्रवाई के आरोपों की जांच के लिए गठित पांच सदस्यीय उच्चस्तरीय कमेटी का सदस्य बनाया है। कमेटी की अध्यक्षता सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति आर. सुभाष रेड्डी करेंगे। इसमें पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रवि शंकर झा, दिल्ली हाईकोर्ट की पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति शालिंदर कौर और सीबीआई के पूर्व निदेशक ऋषि कुमार शुक्ला भी सदस्य हैं। कमेटी घटनाक्रम की जांच कर रिपोर्ट सर्वोच्च न्यायालय को सौंपेगी। बिश्नोई को पुलिस प्रशासन और कानून-व्यवस्था का व्यापक अनुभव है।