हिसार। मिलगेट क्षेत्र के लोगों ने कोर्ट के स्टे के बावजूद विवादित जमीन पर डीसीएम मिल प्रशासन द्वारा सड़क बनाने का आरोप लगाया है। क्षेत्रवासियों ने उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक को लिखित में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक को दी गई शिकायत के मुताबिक डीसीएम मिल प्रशासन की तरफ से रायपुर रोड की विवादित जमीन पर सड़क का निर्माण करवाया जा रहा था। लोगों ने सड़क का काम रुकवाने की कोशिश की, लेकिन मिल प्रशासन ने काम नहीं रोका। इस पर लोगों ने डायल 112 पर फोन किया तो पुलिस ने आकर काम को रुकवाया। उन्होंने मिल प्रशासन से सरकार से मिली अनुमति मांगी, लेकिन कोई अधिकारी अनुमति पत्र नहीं दिखा सका। क्षेत्रवासियों के मुताबिक इस जमीन की पैमाइश पर जनवरी 2020 से हाईकोर्ट का स्टे है। इस मामले की अगली सुनवाई 12 नवंबर को होनी है। लोगों ने बताया कि डीसीएम मिल की तरफ से काटी गई कॉलोनी का लाइसेंस भी प्रदेश सरकार सस्पेंड कर चुकी है।