हांसी। नगर परिषद कार्यालय में बुधवार को डिप्टी चेयरमैन व पार्षदों ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि कार्यालय में अधिकारी और कर्मचारी लोगों के जरूरी काम नहीं कर रहे हैं। उन्हें परेशान किया जा रहा है। डिप्टी चेयरमैन ने कहा कि अधिकारी जनता को परेशान करना छोड़ें नहीं तो कार्रवाई होगी।
डिप्टी चेयरमैन अनिल बंसल ने कहा कि हिसार से एक महिला अपना हाउस टैक्स जमा करने नगर परिषद कार्यालय के संबंधित ब्रांच में पहुंची, लेकिन उसे चक्कर कटाए गए। महिला रीना का कहना है कि वह करीब तीन महीने से नगर परिषद में चक्कर काट रही है। उन्हें कभी आगे की तारीख दे दी जाती है तो कभी कहा जाता है उनकी फाइल हमारे पास नहीं है या गुम हो गई। ऐसे में एक बार फिर उस महिला का काम नहीं किया गया। नगर परिषद के वाइस चेयरमैन अनिल बंसल व कई नगर पार्षदों ने इस मामले को लेकर शोर-शराबा करना शुरू कर दिया। लोगों का कहना था नगर परिषद में हमारे काम नहीं हो रहे हैं, सिर्फ चक्कर कटवाए जा रहे हैं। जिन्होंने ऑफलाइन टैक्स भर दिया है, उनका ऑनलाइन मोड़ में भी टैक्स बकाया दिखाता है।
ग्रांट का दुरुपयोग किया जा रहा
डिप्टी चेयरमैन अनिल बंसल ने कहा कि नगर परिषद में बहुत ग्रांट आ रही है, परंतु उसका दुरुपयोग किया जा रहा है। शहर के कुछ इलाकों में सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है। सफाई निरीक्षक विजेंद्र सिंह को जब फोन किया जाता है, तो वे फोन भी नहीं उठाते। नगर परिषद में करीब आधे घंटे तक जमकर हंगामा हुआ। इस दौरान पार्षद डॉ. बलवान सिंह, पार्षद दुलीचंद नगोरा, पार्षद प्रतिनिधि मीनू मुवाल, पार्षद दीपक मुंजाल व पार्षद शंटी मौजूद रहे।
वर्जन
सफाई न होने के आरोप निराधार हैं। पूरे शहर में सफाई करवाई जा रही है।
-विजेंद्र कुमार, सफाई निरीक्षक