हिसार। जिले में डेंगू के मरीजों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। नवंबर माह के 10 दिनों में 319 केस सामने आए यानी रोजाना औसतन 31 मरीज मिले। वीरवार को 48 नए केस मिलने के साथ मरीजों का आंकड़ा 1051 पहुंच चुका है। वहीं स्वास्थ्य विभाग की तरफ से शहर में कीटनाशक दवा का छिड़काव करवाया जा रहा है। टीमें घर-घर जाकर लोगों को लारवा न पनपने देने के लिए जागरूक कर रही हैं।
डेंगू के लिए अक्तूबर माह पीक माना जाता है। अक्तूबर के शुरुआत में ही बारिश होने से जलभराव हुआ। पानी निकासी नहीं होने से 592 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली यानी प्रतिदिन औसतन 19 मरीज सामने आए। सितंबर माह में डेंगू की शुुरुआत हुई थी। इस माह 140 मरीज मिले यानी रोज औसतन 4 से 5 मरीज मिलते थे, लेकिन अब मरीज मिलने की रफ्तार तेजी से बढ़ रही है।
डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. सुभाष खतरेजा ने बताया कि जिले में अभी तक 3812 डेंगू आशंकित लोगों के सैंपल लिए गए हैं, इनमें से 1051 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। फिलहाल जिले में 136 सक्रिय मरीज हैं। अब तक 5 मरीजों की मौत हो चुकी है।