हिसार। अक्तूबर महीने में डेंगू जानलेवा होता जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को डेंगू से चौथी मौत की पुष्टि की। शुक्रवार को आई रिपोर्ट के अनुसार मिलगेट क्षेत्र निवासी 45 वर्षीय महिला की मौत हुई। यह महिला 12 अक्तूबर को अस्पताल में भर्ती हुई थी। दिल्ली रोड स्थित एक निजी अस्पताल में 14 अक्तूबर को महिला ने दम तोड़ा। वहीं शुक्रवार को 28 नए केस मिले।
इस साल जिले में मरीजों का आंकड़ा 433 पहुंच चुका है। पिछले 11 दिन में डेंगू की रफ्तार तेज से बढ़ी है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से 2241 मरीजों के डेंगू के सेंपल लिए जा चुके हैं, 360 डेंगू मरीज रिकवर भी हो चुके हैं।
डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. सुभाष खतरेजा ने बताया कि डेंगू रोकथाम को लेकर विभाग पूरी तरह सतर्क हो चुका है। शहर से लेकर ग्रामीण एरिया में टीम फील्ड में उतरी हुई है। संवेदनशील जगहों पर जाकर फॉगिंग की जा रही है व दवा का छिड़काव किया जा रहा है। डॉ. सुभाष खतरेजा ने बताया कि नागरिक अस्पताल परिसर में डेंगू मरीजों के लिए अलग से वार्ड बनाया हुआ है। दवा छिड़काव के साथ-साथ 27 टीमें घर-घर जाकर लोगों को डेंगू के प्रति जागरूक कर रही हैं। लारवा मिलने पर लोगों को चेतावनी नोटिस दिए जा रहे हैं।
मरीज मिलने की रफ्तार
तिथि मरीज
11 अक्तूबर 24
12 अक्तूबर 24
13 अक्तूबर 16
14 अक्तूबर 20
15 अक्तूबर 13
16 अक्तूबर 26
17 अक्तूबर 07
18 अक्तूबर 25
19 अक्तूबर 24
20 अक्तूबर 15
21 अक्तूबर 28
डेंगू संवेदनशील क्षेत्र : डाबड़ा, आजाद नगर, मॉडल टाउन, अर्बन एस्टेट, सातरोड, दौलतपुर, चौधरीवास, शिव कॉलोनी, सेक्टर 13, सेक्टर 14, सूरजमल एनक्लेव, कैमरी रोड क्षेत्र, आर्य नगर, बीएचपी कॉलोनी, सिटी थाना क्षेत्र, सेक्टर 33, मिलगेट क्षेत्र, सूर्यनगर, महाबीर कॉलोनी।