हिसार। जिले में डेंगू बेकाबू हो गया है। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी हेल्थ रिपोर्ट के अनुसार 47 नए मरीजों की पुष्टि हुई। इसके साथ ही मरीजों का आंकड़ा 1407 पहुंच चुका है, पिछले 11 सालों में यह सर्वाधिक है।
नवंबर माह की बात करें तो 18 दिन में 675 मरीज सामने आ चुके हैं। इस माह रोजाना औसतन 37 केस मिले। वहीं अक्तबूर में 592 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली थी यानी प्रतिदिन औसतन 19 मरीज सामने आए। सितंबर माह में डेंगू की शुुरुआत हुई थी। इस माह सिर्फ 140 मरीज मिले थे, शुरुआत में रोज औसतन 4 से 5 मरीज मिलते थे, लेकिन अब रफ्तार तेजी से बढ़ रही है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार ठंड बढ़ने पर ही मरीजों की संख्या घटने के आसार हैं।
डेंगू रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग व नगर निगम की टीम निरंतर फील्ड में उतर कर फॉगिंग करवा रही हैं। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. सुभाष खतरेजा ने बताया कि जिले में शुक्रवार को डेंगू के 47 नए मामले सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि अभी तक 4606 डेंगू आशंकित लोगों के सैंपल लिए गए हैं, इनमें से 1407 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव है। फिलहाल जिले में 195 डेंगू सक्रिय मरीज हैं। जिले में डेंगू से अब तक 5 मरीजों की मृत्यु हुई है।
उधर, डॉ. खतरेजा ने बताया कि शुक्रवार को जिले में कोरोना संक्रमण कोई नया मामला सामने नहीं आया है। जिले में एक्टिव केसों की संख्या अब 3 है। जिले में 9 लाख 87 हजार 304 लोगों की जांच की जा चुकी है, जिसमें संक्रमण के कुल 63891 मामले सामने आ चुके हैं। अब तक कुल 62702 मरीज कोरोना से रिकवर हो चुके हैं। कोविड-19 की पहली लहर में 327, दूसरी लहर में 814 और तीसरी लहर में 45 संक्रमित मरीजों की मृत्यु हुई है।