हांसी। बुटीक में घुसकर महिला की पिटाई मामले में आरोपी पुलिस कर्मचारी व उसकी पत्नी को गिरफ्तारी करने की मांग को लेकर व्यापारियों ने 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि तय अवधि के बाद वे लोग सड़क पर उतरेंगे।
पूजा बुटिक संचालिका पूजा सैनी ने आरोप लगाया कि उनकी दुकान पर मंगलवार देर शाम को एक पुलिस कर्मचारी व उसकी पत्नी आए थे। दंपती ने पूजा सैनी के साथ मारपीट की। वारदात की सारी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। पूजा ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। बुधवार को व्यापारी नेता व कई मार्केटों के प्रधानों ने दोपहर दो बजे एसपी नितिका गहलोत से मुलाकात कर इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस प्रशासन को अल्टीमेटम दिया अगर 24 घंटे के अंदर आरोपी गिरफ़्तार नहीं हुए तो बाजार बंद कर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर एसडी कॉलेज मार्केट के प्रधान अजय सैनी, व्यापार मंडल के प्रधान बजरंग बंसल, कांग्रेस पार्टी के नेता तेलु राम जांगड़ा, कृष्ण सैनी, पार्षद प्रतिनिधि मीनू मुवाल,प्रधान देवेन्द्र महत्ता,सरदार कृष्ण एलावादी सहित भारी संख्या में व्यापारी नेता व दुकानदार मौजूद थे।
-----