हांसी। क्षेत्र के गांव बांडाहेड़ी, मुंढ़ाल कलां, मुंढाल खुर्द की ड्रेन पर शुक्रवार को कृषि मंत्री जेपी दलाल के सामने ग्रामीणों ने कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा जिंदाबाद के नारे लगाए। इस दौरान एक महिला ने कृषि मंत्री का हाथ पकड़कर उन्हें उल्टा चल्यां जा (वापस जाने) को कहा। इस पर राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने ग्रामीणों को शांत कराते हुए नारेबाजी रुकवाई और कहा कि किसी का अनादर न करें।
उन्होंने कृषि मंत्री को खेतों व बूस्टिंग में भरा बारिश का पानी दिखाते हुए कहा कि मंत्री जी आपके अधिकारी गुमराह कर रहे हैं। आप पानी की निकासी कराओ नहीं तो किसान बर्बाद हो जाएंगे।
बता दें कि शुक्रवार को राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र सिंह हुड्डा खेतों में जलभराव का जायजा लेने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान कृषि मंत्री भी पहुंच गए थे। दीपेंद्र ने कहा कि मुंढ़ाल कलां, मुंढ़ाल खुर्द , बांडाहेड़ी गांव में बूस्टिंग में पानी भरा हुआ है। जिस कारण लोगों को गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है। लोग बीमार पड़ रहे हैं। पानी की जल्द से जल्द निकासी की जाए। गिरदावरी कराकर किसानों को मुआवजा दिया जाए। इस पर कृषि मंत्री जेपी दलाल ने जल्द से जल्द पानी निकासी का भरोसा दिलाया।
डीसी साहब! गांव आकर लोगों की तकलीफ भी देखो
इस दौरान दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने भिवानी के डीसी को फोन कर कहा कि डीसी साहब, आप यहां आकर ग्रामीणों की तकलीफ देखो। डीसी ने किसी अन्य अधिकारी को भेजने की बात कही तो सांसद बोले आप नहीं आओगे तो मैं यहां धरना शुरू करूंगा। इस पर डीसी भिवानी ने सांसद को शनिवार को सुबह साढ़े दस बजे तीनों गांवों का निरीक्षण करने का भरोसा दिया। इस मौके पर जस्सी पेटवाड़, धर्मवीर गोयत, विजेंद्र हुड्डा, तेलू राम जांगड़ा, पूर्व विधायक नरेश सेलवाल, ऋषि शर्मा आदि मौजूद रहे।