हिसार। जिले के मिंगनीखेड़ा निवासी 52 वर्षीय राजिंद्र की जोहड़ के पानी में डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मंदीप कुमार, दमकल विभाग के कर्मचारी और गोताखोर मौके पर पहुंचे और दोपहर बाद तीन बजे शव को पानी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह राजिंद्र कुमार जोहड़ पर नहाने के लिए गया था। बारिश के कारण जोहड़ के पानी का लेवल ऊपर था। जोहड़ में पानी ज्यादा होने के कारण राजिंद्र पानी में डूब गया। जब इस बात का पता ग्रामीणों को चला तो काफी तादाद में ग्रामीण वहां पर पहुंचे और अपने स्तर पानी में राजिंद्र की तलाश शुरू की। पता चलने पर सदर थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। गोताखोर के साथ प्रभारी किस्ती से जोहड़ में राजिंद्र की तलाश में गए। दोपहर बाद तीन बजे पानी से शव को बाहर निकाला गया। मृतक राजिंद्र के दो बेटे और एक बेटी है। वह मजदूरी का काम करता था।