बडागुढ़ा। मां मेरा क्या कसूर था जो तुमने दुनिया देखने से पहले ही मुझे मौत के आगोश में सुला दिया। बडागुढ़ा थाना क्षेत्र के गांव शेखुपुरिया में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। गांव में एक खाल से एक नवजात शिशु का शव मिलने के बाद गांव में सनसनी फैल गई। मृत नवजात शिशु लड़का है और वह पूरे समय का है। नवजात को जन्म के 1-2 घंटे बाद ही यहां फेंका गया है। ये सूचना जब गांव में फैली तो बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। वहीं सूचना के बाद बडागुढ़ा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेते हुए जांच शुरू की।
जानकारी मुताबिक शेखुपुरिया से चामल रोड पर खेत के खाल में किसी ने एक नवजात का शव पड़े होने की सूचना ग्राम सरपंच को दी। सूचना के बाद बडागुढ़ा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए भिजवाया। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि खाल से नवजात बच्चे का शव बरामद हुआ है। बरामद नवजात लड़के है। जो पूरे समय का है। किसी ने जन्म के कुछ देर बाद ही इसे यहां पर फेंका है। इस संबंध में पुलिस ने ग्राम सरपंच नरेश कुमार के बयान पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं ये घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। इस मामले को सुलझाने के लिए पुलिस बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की मदद लेगी।