नारनौंद। कस्बे के एक युवक का शव वीरवार को सिसाय माइनर में सिसाय हेड के पास मिला। परिजनों ने उसके दोस्त पर ही हत्या कर शव को नहर में फेंकने का आरोप लगाया है। इस मामले में पुलिस जांच शुरू होने से पहले ही आरोपी दोस्त ने जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर अवस्था में अग्रोहा के मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। दोनों दोस्त एक साथ कारपेंटर का काम करते थे।
कस्बे के वार्ड नंबर 12 निवासी सुनील ने पुलिस को बताया कि वह गाड़ी पर ड्राइवरी का काम करता है। उसका छोटा भाई 35 वर्षीय राजेश वार्ड निवासी अनिल के साथ कारपेंटर का काम करता था। 28 जून को राजेश व अनिल घर से गांव बुडाना में काम करने के लिए गए थे। जब देर रात तक राजेश वापस घर नहीं आया तो सुनील उसके बारे में पूछने अनिल के घर गया। वहां स्कूटी अनिल के घर पर खड़ी मिली। पूछने पर अनिल ने बताया कि राजेश ब्राहमणों वाले नहर पुल पर नहा रहा है। अनिल के हाव भाव से शक है कि अनिल ने उसके भाई राजेश की चोट मारकर हत्या के बाद शव नहर में फेंक दिया है। थाना प्रभारी नारनौंद धर्मवीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने सुनील के बयान पर राजेश के खिलाफ हत्या कर साक्ष्य मिटाने से संबंधित धारा में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पूछताछ बाद अनिल ने निगला जहर
मामले में आरोपी अनिल ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह बुधवार रात करीब 11 बजे नहाने के बाद घर पर आकर सो गया था। राजेश ने नहाकर बाद में आने की बात कही थी। रात को राजेश के घर के लोग उसके पास आए थे तो उसने सारी बात उनको बता दी थी। वीरवार सुबह वे लोग फिर उसके घर आए और उसको डराया धमकाया और थप्पड़ भी मारा था। उसको अपने साथ पुलिस स्टेशन भी लेकर गए थे। सोशल मीडिया पर राजेश के डेड बॉडी के फोटो देखकर विचलित हो गया था। घर आने के बाद उसने सल्फास की गोलियां निगल लीं। घर के सदस्यों ने उसे तुरंत संभाल लिया और नारनौंद के नागरिक अस्पताल ले गए। जहां से उसको हिसार और फिर अग्रोहा के मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया था।