हिसार। जिले के बालसमंद में मंगलवार को अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा रहा। वहीं हिसार में दिन का तापमान 41.0 डिग्री रहा, जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। तापमान में बढ़ोतरी व वातावरण में मौजूद नमी के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ व बिपरजॉय के कमजोर होकर आगे बढ़ने के बाद एक बार फिर पश्चिमी गर्म हवाओं के चलने और सूर्य की तपिश बढ़ने के कारण तापमान में बढ़ोतरी रही है। उन्होंने बताया कि आने वाले तीन चार दिनों तक मौसम गतिशील बना रहेगा। इस दौरान हल्की बादलबाही देखने को मिलेगी। साथ ही तापमान में हल्की बढ़ोतरी जारी रहेगी, जिससे आमजन को उमस भरी गर्मी से रूबरू होना पड़ेगा। मगर 25 से 30 जून के दौरान एक बार फिर से मौसम में बदलाव और प्री मानसून गतिविधियां देखने को मिलेंगी।