दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए हैं। दोनों तीन साल से एक दूसरे से अलग रह रहे थे, पति का आरोप है कि दूसरी शादी करने के लिए पत्नी ने बेटी को मार डाला, वहीं मां का कहना है कि बेटी दो दिन से बीमार चल रही थी। उल्टी आने पर अस्पताल ले गए थे।
हरियाणा के हिसार के शिव नगर की रहने वाली करिश्मा की साढ़े चार साल की बच्ची रियांसी की मौत पर शनिवार दोपहर नागरिक अस्पताल परिसर में हंगामा हुआ। पोस्टमार्टम के बाद बच्ची के शव को लेने की बात पर माता-पिता आमने सामने हुए। दोनों पक्षों ने शव लेने पर अपनी दावेदारी पेश की। एचटीएम थाना पुलिस ने बीच-बचाव कर शव मां के हवाले कर दिया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर आरोप-प्रत्याेप लगाए हैं। पुलिस ने मृतका की मां के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की है।
विज्ञापन
दो दिन से चल रही थी बीमार
शिव नगर में रहने वाली करिश्मा ने बताया कि 2016 में उसकी शादी फतेहाबाद के सुंदर नगर निवासी विक्रम के साथ हुई थी। शादी के बाद एक बेटा और बेटी को जन्म दिया। पति अक्सर नशे में रहता था, जिस कारण झगड़ा करता था। इसी बात को लेकर अदालत में तलाक का केस दायर कर दिया और तीन साल से बच्चों के साथ अपने मायके शिव नगर में रहती हूं। दो दिन पहले बेटी रियांसी को बुखार और खांसी की शिकायत हुई, जिसके चलते मेडिकल से दवा लेकर आए थे। शुक्रवार शाम को बेटी ने उल्टी करनी शुरू कर दी। पहले उसे पास के क्लीनिक में लेकर गए और बाद में सेवक सभा अस्पताल में लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बुखार के कारण बेटी की मौत हो गई।
पत्नी लिव इन में रहना चाहती है
फतेहाबाद निवासी विक्रम ने बताया कि तीन साल से पत्नी मुझसे अलग रह रही है। वह किसी के साथ सहमति संबंध में रहना चाहती है। जिसके चलते बेटी की मौत पर संशय बना है। उन्होंने बताया कि बेटी की मौत शाम को हो चुकी थी और हमें रात 10 बजे जानकारी दी गई। जब बेटी के शव को देखा तो शरीर नीला पड़ा हुआ था। हमें शक है कि बेटी की हत्या की गई है।
विज्ञापन
दोनों पक्षों ने जताई शव लेने पर दावेदारी
शनिवार दोपहर को दोनों पक्ष नागरिक अस्पताल में एकत्रित हुए। दोनों पक्षों ने शव को लेकर अपनी-अपनी दावेदारी जताई। पिता पक्ष का कहना था कि वे अपने बेटी को गांव के खेत में मिट्टी देना चाहते हैं, जबकि मां पक्ष के लोगों का कहना है कि बेटी जब मां के पास रहती थी तो अंतिम संस्कार वहीं करेंगे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में काफी देर तक खींचतान होती रही। आखिर में एचटीएम थाना प्रभारी निरीक्षक बलवंत मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाया। पोस्टमार्टम के बाद शव मां के हवाले कर दिया।
रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई
पोस्टमार्टम के बाद विसरा जांच के लिए लैब में भेजा जाएगा। जो रिपोर्ट आएगी उसके आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। अब मृतका की मां के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की है। -निरीक्षक बलवंत, एचटीएम थाना प्रभारी