न्यू सब्जी मंडी के आढ़ती सुनील बजाज को किडनैप कर किडनैपर ने 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। 50 लाख रुपये देने से सुनील बजाज द्वारा साफ इनकार करने के बाद फिरौती की रकम 25 लाख पर आ गई। बजाज का आरोप है कि किडनैपर को उन्होंने अपने दोस्त सुरेंद्र से मंगवाकर जलेबी चौक पर 10 लाख रुपये तो दे दिए, मगर उन्होंने उससे 15 लाख रुपये की और डिमांड की हुई है।
किडनैपर ने साफ कहा है कि 15 दिन के अंदर अंदर 15 लाख रुपये और दे जाना। पुलिस को बताया तो तुम्हारी खैर नहीं। उधर इस मामले के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी इंद्र गुर्जर को राउंडअप कर लिया है। बताया गया है कि वह वारदात के बाद हांसी की तरफ भाग रहा था। पुलिस की कई टीमें उसके पीछे लगी हुई थीं, जिसे ढाणी कुतुबपुुर के नजदीक उसे राउंडअप कर लिया।
समझौते के भी हुए प्रयास
मामला पुलिस के पास पहुंचने के बाद आरोपी पक्ष की तरफ से समझौते का दबाव बनाया गया है। दबाव यह भी बनाया गया कि वे दस लाख रुपये वापस दे देंगे। मगर व्यापारी ने शिकायत वापस लेने से इनकार कर दिया है।
रेकी कर दिया वारदात को अंजाम
व्यापारी को किडनैप कर फिरौती के दस लाख वसूलने के मामले में पुलिस अंदाजा लगा रही है कि व्यापारी सुनील बजाज की रेकी की गई है। वह कितने बजे दिन में दुकान से निकलेगा, किसी ने किडनैपर को सूचना दी है। जैसे ही बजाज अपनी शॉप नंबर 118 से खाना खाने के लिए पीएलए स्थित अपने घर के लिए निकला, उसके पीछे स्कॉर्पियो लगा दी। शिव पार्क के पास उसकी गाड़ी को ओवरटेक कर बजाज को रोक लिया गया। स्कॉर्पियो से दो युवक उतरे और बजाज की गाड़ी में बैठ गए। वे उसे वापस श्यामलाल ढाणी स्थित मकान में ले गए। आरोप है कि वहां पहुंचकर उन्होंने खूब मार पिटाई की और 50 लाख रुपये की डिमांड की।
केस दर्ज
सिटी थाना एसएचओ मंदीप सांगवान ने बताया कि इंद्रगुर्जर व उसके साथियों पर आईपीसी की धारा 323, 341, 364 ए, 384, 506, 34 व आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।
मंडी व्यापारियों ने बुलाई सुबह 10 बजे मीटिंग
मंडी व्यापारियों ने इस मामले को लेकर सुबह दस बजे मंडी परिसर में मीटिंग बुलाई है। मंडी प्रधान मोहनलाल सैनी ने कहा कि मंगलवार को हुई घटना गंभीर है। पुलिस ने इंद्र को पकड़ लिया वरना हम सुबह मंडी बंद कर देते। फिलहाल अब बुधवार सुबह मीटिंग में जो फैसला लिया जाएगा वह प्रशासन के समक्ष रखेंगे।