सोनाली मर्डर का आरोपी सुखविंदर
- फोटो : सोशल मीडिया
भाजपा नेता सोनाली फोगाट हत्याकांड के आरोपी सुखविंद्र ने परिवार से मिलने के लिए गोवा अदालत में याचिका दायर की। आरोपी सुखविंद्र के एडवोकेट सुखवंत ने बताया कि 27 जून को अदालत में याचिका लगाई है। जिस पर 13 जुलाई को अदालत फैसला सुनाएगी। एडवोकेट सुखवंत ने बताया कि अदालत में याचिका लगाई है कि 15 दिन के लिए आरोपी सुखविंद्र को परिवार से मिलने की अनुमति दी जाए।
सुखविंदर को हाई कोर्ट से 3 मई को मिली थी जमानत
गोवा अदालत ने आरोपी सुधीर सांगवान और सुखविंद्र को हत्या और ड्रग्स मामले में जमानत दी हुई है। अदालत ने दोनों को शशर्त जमानत दी है। दोनों को गोवा से बाहर जाने की मंजूरी नहीं दी है। वहीं थाने में जाकर हाजिरी लगानी होती है। हत्या मामले में आरोपी सुखविंदर को हाई कोर्ट से 3 मई को जमानत मिल गई थी।
गोवा में हुई थी मौत
सोनाली फोगाट की 22 अगस्त 2022 की रात को गोवा में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इससे पूर्व सोनाली फोगाट के पति संजय फोगाट की भी करीब साढ़े पांच साल पहले संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। सोनाली के परिवार का आरोप है कि सुधीर सांगवान, सोनाली की प्रॉपर्टी हड़पना चाहता था, इसलिए उसने सुखविंदर के साथ मिलकर ड्रग्स देकर सोनाली की हत्या कर दी।
सोनाली के शरीर पर चोट के कई निशान मिले थे
सोनाली की मौत की सूचना मिलने के बाद गोवा पहुंचे उसके भाई रिंकू ने गोवा पुलिस को शिकायत देकर सुधीर सांगवान और सुखविंदर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करवाया था। पोस्टमार्टम के दौरान सोनाली के शरीर पर चोट के कई निशान मिले। सोनाली की मौत के बाद रिजॉर्ट के कुछ सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए जिनमें सुधीर सांगवान सोनाली को बोतल के जरिए कुछ पिलाता नजर आया और उसके बाद ही सोनाली की तबीयत बिगड़ गई थी और बाद में मौत हो गई थी।