एक आचार फैक्ट्री के वर्कर से पुराने ओवरब्रिज के नीचे चार युवकों ने गर्दन पर चाकू रखकर सात हजार रुपये छीन लिए। पुलिस ने केस दर्ज कर लूट के चार आरोपियों को काबू किया है। यूपी के जिला सीतापुर के गांव ग्यासापुर का अखिलेश कुमार यहां घोड़ा फार्म रोड पर एक आचार फैक्ट्री में काम करता है। उसे मंगलवार को गांव जाना था। वह दोपहर दो बजे पैदल कुम्हार धर्मशाला के पास से रेलवे स्टेशन पर जा रहा था। गोरखधाम एक्सप्रेस का समय साढे़ चार बजे दिल्ली जाने का है, वह यह सोचकर पुराने ओवरब्रिज के नीचे बैठ गया। वह जर्दा तैयार करने लगा, तभी वहां आए चार युवकों में से एक ने उससे जर्दा मांगा। वह जर्दे की पुड़िया देने लगा तो एक युवक ने उसका मुंह बंद कर लिया, दूसरे ने गर्दन पर चाकू रख दिया, तीसरे ने उसके हाथ पकड़ लिये और चौथे ने उसकी पेंट की जेब से 7000 रुपये और मोबाइल फोन छीन लिए। फिर वे फरार हो गए। एचएचयू चौकी के एसआई अमर सिंह ने बताया कि लूटपाट और जान से मारने की धमकी देेने का केस दर्ज कर सैनियान मोहल्ला के अजय, अजीत, सूर्यनगर के विक्की और शांति नगर के विकास को पकड़ा है। उनसे पूछताछ जारी है।