हरियाणा के हिसार के गांव जीतपुरा के बस अड्डे पर मंगलवार सुबह करीब सवा नौ बजे डस्टर गाड़ी में आए बदमाशों ने बडाला गांव के सरपंच के बेटे गैंगस्टर प्रदीप उर्फ काला की क्रेटा कार को टक्कर मारी। इसके बाद जब प्रदीप गाड़ी से नीचे उतरा तो बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। सिर व अन्य जगहों पर करीब 8 गोलियां लगने से प्रदीप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथी अमित को तीन गोलियां लगीं। वारदात के बाद बदमाशों की गाड़ी स्टार्ट नहीं हुई तो राहगीर की कार छीनकर फरार हो गए। घायल अमित को हिसार के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं चालक सुनील ने भागकर अपनी जान बचाई।
गैंगस्टर प्रदीप जमावड़ी और उसकी मां की हत्या के मामले में थी पेशी
वारदात की सूचना मिलने पर हांसी पुलिस जिला की एसपी निकिता गहलोत मौके पर पहुंचीं। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमों का गठन किया है। पुलिस को दिए बयान में मृतक प्रदीप उर्फ काला के चचेरे भाई बडाला निवासी सुनील ने बताया कि मंगलवार को प्रदीप उर्फ काला की हिसार अदालत में गैंगस्टर प्रदीप जमावड़ी और उसकी मां की हत्या के मामले में पेशी थी।
पेशी पर जाने के लिए सुबह 9 बजे अमित को लेकर हम तीनों घर से क्रेटा कार में सवार होकर निकले थे। जीतपुरा के बस अड्डे के पास सामने से डस्टर गाड़ी से साइड मार दी। जब प्रदीप गाड़ी से बाहर निकला तो डस्टर गाड़ी से जमावड़ी निवासी जोनी, सिकंदर यादव, अलीपुर निवासी विकास सहित तीन-चार अन्य युवक निकले और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
आरोपियों ने करीब 12 राउंड फायर किए। गोलियां लगने से प्रदीप नीचे गिर गया। इसके बाद आरोपियों ने दो बार गाड़ी से उसे कुचला, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जब अमित भागने लगा तो बदमाशों ने पीछे से तीन गोलियां मार दीं।
सुनील ने भी भागकर खेत में बने एक कमरे में छिपकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए हांसी के सरकारी अस्पताल भिजवाया, जहां बुधवार को पोस्टमार्टम होगा। मृतक प्रदीप काला पर करीब 30 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
गैंगस्टर प्रदीप उर्फ काला, उनके साथी अमित को फायरिंग हुई। इस दौरान प्रदीप काला की मौत हो गई, जबकि अमित का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना स्थल से हमलावरों की गाड़ी बरामद हुई है। गैंगवार को जोड़कर घटना की जांच की जा रही है। - निकिता गहलोत, एसपी, हांसी