सीआईए की गिरफ्त में आरोपी अनूप सफेद शर्ट में
- फोटो : संवाद
राजस्थान के नागौर में अदालत के बाहर मंगाली निवासी गैंगस्टर संदीप बिश्नोई की हत्या के मामले में शामिल रहे बदमाश सीसवाल गांव के अनूप दावा को सीआईए टीम ने गिरफ्तार किया है। बदमाश पर सीसवाल गांव में शिव चौक पर अमित गोसाई की गोली मारकर हत्या करने का भी आरोप है। हत्या के मामले में ही पुलिस ने बदमाश पर 25 हजार का इनाम घोषित कर रखा है।
वह दो साल से फरार चल रहा था। इसके अलावा पिछले साल अक्तूबर माह में आरोपी ने बैंक मैनेजर से 50 लाख रुपये की रंगदारी भी मांगी थी। पुलिस ने आरोपी को पांच दिन के रिमांड के बाद बुधवार को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया।
शिव चौक में बरसाई थी गोलियां
सीआईए इंचार्ज इंस्पेक्टर प्रहलाद राय ने बताया कि 7 नवंबर 2022 में आदमपुर के गांव सीसवाल में शिव चौक के पास घटना वाले दिन दो बाइक सवार युवकों ने 24 वर्षीय अमित गोसाई की गोली मारकर हत्या कर दी थी। अमित गांव सीसवाल में ही एक शादी समारोह में जा रहा था। जैसे ही वह शिव चौक पर ट्रैक्टर से उतरकर गांव की तरफ जाने लगा, तभी बाइक सवार होकर आए दो युवकों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। हमले में अमित को 6 गोलियां लगीं थी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
भतीजे पर हुए हमले में गवाह था अमित का पिता
पुलिस को दिए गए बयान में मृतक अमित के पिता सुभाष गोसाईं ने बताया था कि 6 नवंबर 2017 को सीसवाल गांव में कुछ बदमाशों ने दो लोगों पर फायरिंग की थी, एक गोली भतीजे मुकेश के सिर में लगी थी। आदमपुर पुलिस ने हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया था। उस मामले में वह गवाह था और बेटे की हत्या करने वाले हमलावर उसे गवाही देने से रोकते थे। इसी बात को लेकर बेटे की हत्या की है।
दीप्ति गैंग से जुड़ा है बदमाश
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 19 सितंबर 2022 को मंगाली गांव का रहने वाला और गैंगस्टर संदीप बिश्नोई अपने साथियों के साथ कार से राजस्थान के नागौर की अदालत में पेशी पर गया था। कार से उतरकर अदालत की तरफ जा रहा था कि पुलिस के सामने ही शूटर्स ने गोली मार दी थी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
गैंगस्टर बिश्नोई की हत्या के बाद सीसवाल गांव के दीप्ति और उसके साथियों का नाम सामने आया था। बदमाश अनूप दावा भी दीप्ति गैंग से जुड़ा है और गैंगस्टर बिश्नोई की हत्या करने की वारदात में शामिल था। वहीं, सीसवाल गांव के रहने वाले मक्खन लाल ने बदमाश अनूप दावा ने पचास लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। मक्खन लाल न्याली कलां गांव में एक ब्रांच मैनेजर के पद पर कार्यरत है। आरोपी अनूप दवा ने रुपये न देने पर मखन लाल के बेटे को गांव के चौक में गोली मारने की धमकी दी थी।