स्कूटी सवार लुटेरा दूसरे दिन भी एक महिला के गले से चेन झपटकर फरार होने में कामयाब रहा। वह बुधवार को मुलतानी चौक पार्क के पास से ठंडी सड़क की शशि सेहरा की चेन झपटकर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुुरू कर दी है।
ठंडी सड़क क्षेत्र की शशि सेहरा बेटी अलका के साथ घर से करीब एक बजे पैदल ही निकली थी।
वे 1.18 बजे मुलतानी चौक पार्क से कुछ पहले चौक के पास थी। इतनी देर में सामने से एक युवक ने काले रंग की स्कूटी पर रांग साइड जाकर झपट्टा मारकर शशि की सोने की चेन तोड़ ली। महिला और उसकी बेटी सहम गई। वे जब तक कुछ बोल पातीं, लुटेरा स्कूटी को सब्जीमंडी चौक की तरफ दौड़ाकर ले जा चुका था।
महिला ने शोर मचाया तो दो-तीन बाइक सवार लोगों ने पीछा किया, मगर लुटेरा हाथ न आया। बाद में लोगों ने इसकी सूचना कंट्रोल रूम में दी। तब तक सूचना मिलने पर महिला के परिजन मौके पर पहुंच चुके थे। सिटी थाना एसएचओ प्रह्लाद सिंह और अपराध शाखा कर्मी कुछ देर बाद मौके पर पहुंचे। पुलिस ने वहां आसपास लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने शिकायत मिलने पर मामला दर्ज कर लिया।
फुटेज में नजर नहीं आ रहा चेहरा
सिटी थाना प्रभारी प्रह्लाद सिंह और अन्य पुलिस कर्मियों ने आसपास के क्षेत्र के सारे सीसीटीवी की फुटेज काफी देर तक खंगाली। शिकायतकर्ता महिला ने फुटेज देखकर लुटेरे की पहचान की। फुटेज में उसका चेहरा नजर नहीं आया। पुलिस ने उसके बारे में काफी जगह पूछताछ की, मगर सुराग न मिला।
दोनों वारदातों का लुटेरा एक
सिटी थाना प्रभारी प्रह्लाद सिंह ने बताया कि मंगलवार और बुधवार की चेन स्नेचिंग की दोनों वारदातों को अंजाम देने वाला लुटेरा एक ही है। वह स्नेचिंग की वारदात करने में माहिर है। बुधवार की वारदात उसने बाएं हाथ से की, इससे पता लगता है, वह कितना शातिर है। कोई स्कूटी का नंबर न बता पाया, लेकिन फिर भी लुटेरे की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
सरोज की भी तोड़ी चेन
सनद रहे कि मंगलवार को स्कूटी सवार लुटेरे ने डोगरान मोहल्ले के शिव चौक पर मोहल्ले की सरोज की चेन तोड़कर फरार हो गया था। वह जाट कॉलेज के निकट के एक अस्पताल में नौकरी करती है। वह ड्यूटी समाप्त होने के बाद पैदल लौट रही थी कि वारदात हो गई थी। लुटेरा काले रंग की स्कूटी पर आया था। उसने काले रंग की शर्ट, नीली जींस पहन रखी थी। वह हेलमेट पहने हुए था।