हरियाणा के हिसार के हांसी में हड़पी हुई मूर्ति को पिघलाकर बिस्किट बनवाने के आरोपी हांसी सीआईए-2 के इंचार्ज सहित सभी 8 अधिकारियों-कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है। इन सभी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।
सीआईए इंचार्ज नितिन, एसआई बालकिशन, एएसआई सज्जन, एएसआई सुरेश, मुख्य सिपाही रविंद्र, ईएचसी जुगविंद्र, ईएचसी विजय, सिपाही सुमित को निलंबित किया गया है। हांसी पुलिस ने टटलू गिरोह के आरोपी बबलू को गिरफ्तार कर लिया है।
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के राजपुरा नांगला गांव निवासी बबलू से धातु की मूर्ति हड़पने वाली सीआईए-2 टीम पर धारा 409, 420, 217, 120 बी, 166 ए के तहत के दर्ज किया गया है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) श्रीकांत जाधव ने शुक्रवार को निलंबित करते हुए सभी के खिलाफ एफआईआर के आदेश दिए थे। एडीजीपी के आदेश के करीब तीन घंटे बाद हांसी एसपी नितिका गहलोत ने मूर्ति मामले में सीआईए-2 के स्टाफ पर एफआईआर करने से इनकार कर दिया था। उन्होंने कहा था कि यहां पुुलिस की मंशा गलत नहीं थी। यह लापरवाही का मामला है, अपराध नहीं है।
एसपी हांसी नितिका गहलोत ने कहा था कि सीआईए-2 द्वारा कब्जे में ली गई मूर्ति कीमती नहीं थी। मूर्ति को 23 जनवरी को ही पिघलाकर बिस्कुट बना लिए गए थे। ऐसा यह जांच करने के लिया किया गया कि मूर्ति किन धातुओं की है। यह मामला उत्तर प्रदेश के एक टटलू गिरोह से जुड़ा है। ज्वेलर्स विवेक की शिकायत पर टटलू गैंग के सदस्यों बाबा रामदास, राघविंद्र, साविंद्र, बबलू, विमलेश के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले में बबलू को भी नामजद किया जा रहा है।
यह था पूरा मामला
शिकायतकर्ता बबलू ने बताया था कि वह भिवानी जिले के सिकंदरपुर गांव स्थित पटाखा फैक्टरी में काम करता था। दिसंबर, 2022 में अपने घर चला गया। गांव में वह अपने दोस्त बाबा रामदास निवासी शमशाबाद जिला फर्रुखाबाद से मिला तो उसने बताया कि उसको कहीं काम करते हुए एक मूर्ति मिली है। जो देखने में किसी धातु की प्रतीत हो रही है। मूर्ति की जांच करवाने के लिए उसने हिसार में ज्वेलर्स विवेक पाटिल से बात की तो उसने उसको हिसार में बुलाया और बताया कि यह मूर्ति 79 प्रतिशत सोने की है।
इसके बाद वह हांसी चला गया गया जहां पर बस स्टैंड से ज्वेलर्स ने उसका अपहरण कर लिया। हांसी-सीआईए-2 में ले गया जहां पर उसके साथ मारपीट की और मूर्ति छीन ली। बबलू की शिकायत के अनुसार उसने 6 मार्च को तत्कालीन आईजी राकेश आर्य को भी शिकायत दी थी। आईजी राकेश आर्य ने शिकायत को हांसी पुलिस अधीक्षक को मार्क किया था। इसके बाद गत 10 मार्च को हांसी सीआईए-2 से जगबीर सिहाग नामक व्यक्ति का फोन आया। इसके बाद गत 13 मार्च को वह हांसी सीआईए-2 प्रभारी नितिन कुमार से मिला तो उन्होंने उसको धमकी देकर कहा कि थाने में दोबारा आया तो वह उसकी पिटाई करेंगे।
एएसपी कुलदीप सिंह करेंगे विभागीय जांच
मूर्ति प्रकरण को लेकर नरवाना के एएसपी कुलदीप सिंह को विभागीय जांच सौंपी गई है। एएसपी कुलदीप सिंह ने कहा कि उन्हें इस मामले में सूचना मिली है। अभी विभाग की ओर से औपचारिक पत्र नहीं आया है। पत्र मिलने के बाद जांच की प्रक्रिया शुरू करेंगे।
व्यापार मंडल ने की उच्च स्तरीय जांच की मांग
मूर्ति प्रकरण को लेकर हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने कहा कि प्राचीन मूर्ति को पिघलाकर 8 बिस्किट बनाना धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ है। पुलिस महानिदेशक मूर्ति प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच करवाएं। पता लगाया जाए कि मूर्ति प्रकरण में किन-किन व्यक्तियों का हाथ है और इस मूर्ति के पीछे कौन सा गैंग काम कर रहा है। सभी अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। सरकार ने तुरंत प्रभाव से सख्त कार्रवाई नहीं की तो व्यापार मंडल, सामाजिक-धार्मिक संस्थाओं के साथ आंदोलन करेगा।
जैन समाज हिसार में निकालेगा जुलूस
जैन अतिशय मंदिर के अध्यक्ष विजय जैन का कहना है कि फोटो में दिख रही मूर्ति जैन समाज से संबंधित है। सीआईए 2 के इशारे पर ही जैन धर्म की मूर्ति को पिघलाकर अपमान किया गया है। इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेंगे। मूर्ति प्रकरण को लेकर जैन समाज के लोग सोमवार को हिसार के नागोरी गेट पर एकत्रित होकर विरोध जुलूस निकालेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री मनोहर लाल से दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करेंगे।