29 लाख रुपये से भरी चोरी हुई एटीएम को पुलिस ने भिवानी के गांव बापोड़ा-बलियाली से बरामद किया है। बदमाश मशीन को गैस कटर से काटकर नगदी निकालने के बाद बापोड़ा के पास ड्रेन में फेंककर भाग गए। देर शाम टीम खाली मशीन को लेकर हिसार पहुंची और उसे सिविल लाइन थाना में रखवाया। वारदात करने वाले बदमाशों का अभी सुराग नहीं लगा है।
पुलिस के मुताबिक भिवानी के गांव बापोड़ा बलियाली के पास से एक ड्रेन गुजरती है। इसमें दो-तीन फुट गहरा पानी है। स्थानीय किसान ड्रेन से पानी लेकर खेतों में सिंचाई करते हैं। मंगलवार सुबह किसानों ने सिंचाई करते समय देखा कि ड्रेन में कुछ गिरा हुआ है। उसने तुरंत इसकी सूचना 100 नंबर पर कॉल कर भिवानी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची भिवानी पुलिस ने मशीन को जांचा। मशीन के मॉडल और कोड नंबरों से पता लगा कि मशीन एसबीआई की है।
भिवानी पुलिस ने इस बारे में हिसार पुलिस को सूचना भेजी। हिसार सिविल लाइन थाना इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और टीम मशीन को कब्जे में लेकर हिसार पहुंची। बदमाशों ने मशीन को गैस कटर से काटकर नगदी निकाल ली थी। इस वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों का अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है। वहीं पुलिस दावा कर रही है कि उन्हें कुछ क्लू मिले हैं। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
रेकी कर ले गए मशीन
पुलिस के मुताबिक बदमाशों ने पहले रेकी की उसके बाद एटीएम को ले गए। बदमाशों ने सेक्टर 16-17 से साउथ बाईपास रोड का प्रयोग कर डाबडा रोड होते हुए तोशाम की ओर निकले। इस रोड पर तोशाम तक कहीं कोई नाका नहीं है। ऐसे में बदमाशों का काम आसान हो गया। बदमाशों ने हिसार से काफी आगे जाने के बाद गैस कटर से मशीन को काटा। इसके बाद तोशाम के बाद भिवानी शहर में एंट्री से पहले इसे ड्रेन में फेंक दिया।
डीवीआर से खुलेंगे कई राज
पुलिस बुधवार को एक्सपर्ट से एटीएम बूथ की जांच कराएगी। अगर डीवीआर मिल गया तो पुलिस का काम काफी हद तक आसान हो जाएगा। डीवीआर से सीसीटीवी की फुटेज का रिकार्ड मिल सकता है। हालांकि एटीएम पानी में थी इस कारण डीवीआर मिली तो भी उसके सुरक्षित होने के चांस कम हैं।
दीवार से दूर तो मशीन चुराना आसान
पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि बदमाश एक खास मॉडल की एटीएम को ही निशाना बना रहे हैं। पीसी 280 टू विनकोर मॉडल की मशीनें सबसे ज्यादा चोरी हो रही हैं। इसका कारण यह सामने आया है कि यह मशीन दीवार से दूर रखी होती है और इसे चोरी करना आसान साबित हो रहा है।
तड़के 2:16 बजे चुराई थी मशीन
पुलिस एफआईआर के अनुसार सोमवार तड़के 2:16 बजे एटीएम का कनेक्शन काटा गया। इसके बाद बदमाश उसे चुरा कर ले गए। पुलिस ने एसबीआई के विक्रम बागड़िया की शिकायत पर केस दर्ज किया है। एटीएम में 29,15,200 रुपये की नकदी थी।
बेहद कम समय में प्लान पूरा किया
शातिर बदमाशों ने बेहद कम समय में पूरी घटना को अंजाम दिया। एटीएम को करीब सवा दो बजे चुराया। इसके बाद इसे हिसार से 35-40 किमी दूर ले गए। दो घंटे से भी कम वक्त में सुबह होने से पहले उसमें से नगदी निकालकर उसे ड्रेन में फैंक दिया।
टूटी एटीएम भिवानी के पास गांव बापोडा-बलियाली के पास ड्रेन से बरामद कर ली है। मशीन को तोड़कर उससे पूरी नगदी निकाल ली गई है। हमें कुछ क्लू मिले हैं जल्द ही आरोपियों को भी पकड़ लेंगे।
- भगवानदास, डीएसपी, हेडक्वार्टर हिसार