अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
हरियाणा पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने न्योली कलां स्थित पेट्रोल पंप पर कारिंदे को गोली मारकर लूटपाट करने के मामले में जिला प्रशासन को 31 दिसंबर तक का अल्टीमेटम दिया है। अगर तीन दिन में आरोपी नहीं पकड़े गए तो सरकारी विभागों को उधार में पेट्रोल-डीजल देना बंद करेंगे। तीन जनवरी तक आरोपी नहीं पकड़े तो हड़ताल करेंगे।
ऑल हरियाणा पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के जिला प्रधान राजकुमार सलेमगढ़ की अध्यक्षता में आजाद नगर स्थित गोदारा पेट्रोल पंप पर बैठक हुई। इसमें बुधवार को न्योली कला में पेट्रोल पंप के कर्मचारी को गोली मारने की घटना की निंदा की। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने इस मामले में डीसी निखिल गजराज से मुलाकात की। एसोसिएशन के जिला सचिव अजय खरींटा ने कहा कि पेट्रोल पंपों पर हो रही लूटपाट पर पुलिस प्रशासन अंकुश नहीं लगा पा रहा। पिछली कई घटनाओं में पुलिस के हाथ अभी तक आरोपियों तक नहीं पहुंच पाए हैं। पंप संचालकों में भय का माहौल है। ऐसे माहौल में कार्य करना चुनौती बन गया है। सुरक्षा के लिए पंप संचालकों ने शस्त्र लाइसेंस से संबंधित डीसी कार्यालय में अटकी फाइलों को जल्द क्लीयर कराने की मांग की। साथ ही यह निर्णय लिया कि गैस एजेंसी मालिक, पेट्रोल पंप संचालक, व्यापारी इस तरह की घटना होने पर एकजुट होकर आवाज उठाएंगे।
एसोसिएशन के प्रधान बोले
एसोसिएशन के प्रधान राजकुमार सलेमगढ़ ने कहा कि 31 दिसंबर तक आरोपियों को नहीं पकड़ा गया तो विरोध स्वरूप सरकारी विभागों को उधार में पेट्रोल-डीजल देना बंद करेंगे। तीन जनवरी तक आरोपी नहीं पकड़े गए तो एक दिन की हड़ताल करेंगे। जिला प्रधान राजकुमार सलेमगढ़ ने कहा कि जाट आरक्षण, राम रहीम सहित अन्य संवेदनशील मुद्दों पर पंप संचालक हमेशा प्रशासन का सहयोग करते हैं। बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं देने की मुहिम में सहयोग किया था। अब प्रशासन सुरक्षा देने में सहयोग करे।
गन का लाइसेंस लेने की बजाय गनमैन नौकरी पर रखें : डीसी
डीसी निखिल गजराज ने कहा कि गन का लाइसेंस लेने की बजाय पंप संचालक गनमैन नौकरी पर रख लें। इससे युवाओं को रोजगार भी मिल जाएगा। इस पर पंप संचालकों ने विरोध जताया कि गनमैन रखना संभव नहीं हो पाएगा। इसमें कई तरह की दिक्कतें हैं।
यह रहे मौजूद
इस मौके पर कृष्ण गोदारा, करतार सिंह, मुनीष देव, सुभाष बंसल, अनिल कालरा, मुकेश सैनी, ईश्वर सिंह, एस्सार पंप एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव सुख दर्शन खर्ब, प्रमोद गोयल, अंकुर श्योरण, रणधीर पहल, सुनील पचार, प्रतीक गोदारा, कर्ण गोदारा, नीरज ढींगरा, विजय बैनीवाल, संदीप सेवदा, सराज भुल्लर, रोहित राडा, पुनीत भल्ला, प्रमीत बिश्नोई, अनुज सैनी, विक्रम नांदल, नवीन मित्तल सहित अन्य पंप डीलर उपस्थित थे।