एमपीएचडब्ल्यू लगाने के नाम पर ठगे 4 लाख,
मंडी आदमपुर। खंड के गांव सीसवाल में एक व्यक्ति द्वारा एमपीएचडब्ल्यू लगाने के नाम पर 4 लाख रुपये ऐंठने का मामला सामने आया है। पुलिस ने गांव सीसवाल निवासी बलवंत की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस को दी शिकायत में गांव सीसवाल निवासी बलवंत उर्फ डाक्टर ने बताया कि गांव सीसवाल निवासी सत्यनारायण बागड़िया ने उससे उसके पुत्र सुभाष को एमपीएचडब्ल्यू लगाने की बात कहीं और कहा 2 लाख रुपये पेपर के समय और 2 लाख रुपये इंटरव्यू होने के समय और 3 लाख रुपये सरकारी नौकरी लगने पर दे देना। बलवंत ने बताया कि उसने 2 लाख रुपये 15 दिसंबर 2016 को पेपर के समय दे दिये और 2 लाख रुपये 31 मई 2017 को इंटरव्यू के समय दे दिए, लेकिन इंटरव्यू लिस्ट में उसका नाम नहीं आया। जब उसने सत्यनारायण से 4 लाख रुपये वापस मांगे तो उसने देने से मना कर दिया। उसने कहा कि उसे जहां शिकायत करनी है कर दे उसकी ऊपर तक पहुंच है। पुलिस ने बलवंत उर्फ डाक्टर की शिकायत पर सत्यनारायण के खिलाफ धारा 406 के तहत मामला दर्ज किया है।