अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। चोरों ने सोमवार-मंगलवार की रात मिलगेट क्षेत्र में जमकर उत्पात मचाया और चार दुकानों के शटर तोड़कर उनमें रखा हजारों का सामान चुरा ले गए। इनमें तीन दुकानें परचून के सामान की हैं, जबकि एक दुकान डेयरी की है। परचून की एक दुकान के मालिक वार्ड नौ से नवनिर्वाचित पार्षद जेपी मास्टर हैं। फिलहाल एचटीएम थाना पुलिस ने दुकान मालिकों की शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला : जेपी जनरल स्टोर
चोरों ने मिलगेट क्षेत्र की गर्वनमेंट कॉलोनी स्थित जेपी जनरल स्टोर को निशाना बनाया। यह दुकान वार्ड नौ से नवनिर्वाचित पार्षद मास्टर जयप्रकाश की है। चोरों ने तालों को तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। दुकान मालिक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे रोजाना की भांति सोमवार देर शाम अपनी दुकान को ताले लगाकर घर चले गए थे। सुबह जब दुकान पर पहुंचे तो देखा शटर के ताले टूटे हुए थे। जब वे दुकान के अंदर गए तो सारा सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने बताया कि चोर दुकान से एक घी टीन, बीड़ी, सिगरेट व गल्ले में रखी 3-4 हजार की नकदी चुरा ले गए। पुलिस ने दुकान मालिक एवं पार्षद जेपी मास्टर की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरा मामला : अमित जनरल स्टोर
जेपी जनरल स्टोर से कुछ ही दूरी पर स्थित अमित जनरल स्टोर पर भी चोरों ने सेंध लगाई। यहां चोर दुकान का शटर काटकर अंदर घुसे ओर चोरी की घटना को अंजाम दिया। पुलिस को दी शिकायत में दुकान मालिक अमित ने बताया कि वह रात को अपनी दुकान को सही ढंग से बंद करके घर गया था। सुबह पड़ोसी दुकानदार ने उसकी दुकान का शटर टूटे होने की सूचना दी। जब वह दुकान पर पहुंचा तो शटर कटा हुआ था। दुकान के अंदर जाकर देखा तो बीड़ी-सिगरेट के कई पैकेट गायब थे। गल्ले में रखी ढाई-तीन हजार रुपये भी गायब थे। उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया।
तीसरा मामला : भाई जी क्रीम डेयरी
मिलगेट क्षेत्र में ही चोरों ने तीसरा निशाना भाई जी क्रीम डेयरी को बनाया। दुकान मालिक प्रदीप कुमार के अनुसार वह शाम को दुकान बंद करके घर चला गया। सुबह जब दुकान पर पहुंचा तो शटर के ताले टूटे हुए थे और दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। उसने बताया कि चोर उसकी दुकान से देसी घी व लगभग 15 हजार की नकदी चुरा ले गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने तथ्य जुटाए और दुकान मालिक की शिकायत पर केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी।
चौथा मामला : आनंद जनरल स्टोर
चोरों का उत्पात यहीं नहीं थमा और उन्होंने इसी क्षेत्र की आनंद जनरल स्टोर के भी ताले तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दे दिया। डीसीएम के मेन गेट के सामने स्थित आनंद जनरल स्टोर के मालिक प्रीतम के अनुसार चोर उसकी दुकान के शटर के ताले तोड़कर लगभग 10 हजार रुपये की नकदी, दो हजार रुपये की रेजगारी व दुकान में रखे परफ्यूम व अन्य सामान चुरा ले गए। उन्हें चोरी की वारदात का सुबह ही पता चला। चोरी की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।