अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
जिंदल अस्पताल मार्ग पर एक आवास में रहने वाले रामनंद जिंदल को उसके दो बेटों ने पीटा। पिटाई के दौरान एक पुत्रवधू भी मौजूद थी। इसी दौरान बेटे और बहू ने जेब में रखी हजारों की नकदी भी निकाल ली। घायल हालत में रामानंद को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने घायल की शिकायत पर बेटे रतन, राधव और पुत्रवधू मंजू के खिलाफ मारपीट, चोरी और जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
नागरिक अस्पताल की इमरजेंसी में उपचाराधीन रामानंद ने बताया कि वह जिंदल अस्पताल मार्ग स्थित अपने आवास में नीचे वाले कैमरे में रहता है। ऊपर वाले कमरे में बेटा रतन, राधव और पुत्रवधू मंजू का परिवार रहता है। सुबह अदालत में एक मामले में तारीख थी। इसके चलते सुबह तैयार होकर अदालत जाने के लिए घर से निकल रहा था। इसी दौरान दोनों बेटे और पुत्रवधू आई। तीनों ने मुुझे पकड़ लिया और मारपीट करने लगे। मुझे तब तक मारते रहे जब तक मैं बेहोश नहीं हो गया। आरोप है कि बेटे और पुत्रवधू ने जेब से सात हजार रुपये की नकदी भी निकाल ली। आस पड़ोस के लोग उपचार के लिए नागरिक अस्पताल लेकर आए। पुलिस ने रामानंद की शिकायत पर तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।